अरविंद केजरीवाल और सीएम मान ने युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, शहीद करतार सिंह सराभा को दी श्रद्धांजलि, आप सुप्रीमो बोले- ढाई साल में सुधारेंगे 75 साल का खराब सिस्टम

अरविंद केजरीवाल और सीएम मान ने युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, शहीद करतार सिंह सराभा को दी श्रद्धांजलि, आप सुप्रीमो बोले- ढाई साल में सुधारेंगे 75 साल का खराब सिस्टम

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीद करतार सिंह सराभा को श्रद्धाजंलि देते हुए पंजाब पुलिस में भर्ती हुए 1205 युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे। चंडीगढ़ में हुए इस कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी सुप्रीमो और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे। इस दौरान दोनों नेताओं ने नए भर्ती युवाओं को पंजाब पुलिस का नाम ऊंचा करने के लिए सही दिशा में काम करने का गुरुमंत्र भी दिया।

इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अभी तक पंजाब पुलिस में 8705 लोगों को भर्ती दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस देश की सबसे डिसिप्लिन्ड और सेलिब्रेटिड पुलिस फोर्स है। आने वाले समय में आपको आपके कामों और चरित्र, काम करने के तरीके, शहब्दों से जाना जाएगा। आप सुप्रीमो केजरीवाल ने कहा कि पंजबा पुलिस का जो रुतबा है, ड्यूटी पर जाने के बाद आपको समझ में आएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे काम ना किए जाएं जिससे पंजाब पुलिस की साख को आंच आए। अरविंद केजरीवाल ने यह भी कहा कि जब से पंजाब में आप की सरकार बनी है तब से अब तक 48 हजार लोगों को नौकरियां मिल चुकी हैं। किसी को पैसे और सिफारिश से नौकरी नहीं मिली, इस बात का फक्र है। यही सपना हमने लिया था। दिल्ली के पूर्व सीएम ने कहा कि 2022 से पहले सुना करते थे कि बिना सिफारिश और पैसों के नौकरी नहीं मिलती। और लोग घर छोड़कर जा रहे थे क्योंकि उन्हें अपना भविष्य नहीं दिखाई दे रहा था। उन्होंने कहा कि पंजाब में शायद ही कोई गांव बचा हो, जिसमें एक लड़का या लड़की नौकरी ना मिली हो। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ढाई साल पहले हमने जब सरकार बनाई तो काफी बड़ा चैलेंज था। आज पूरे देश के सारे राज्यों में कानून-व्यवस्था में पंजाब दूसरे नंबर पर है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ऐसा नहीं है कि अब राम राज्य आ गया, अभी भी बहुत कुछ करने को है, अब हवा का रुख बदला है, चीजें जो नीचे की तरफ जा रही थीं, वह अब बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि हम पंजाब में बहुत नए काम कर रहे हैं। ढेर सारी कोशिशें कर रही हैं। विपक्षी पार्टियों पर तीखा कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि इन्हें 75 साल लगे पंजाब की हालत बिगाड़ने में हमारी कोशिश है कि अगले ढाई साल में इसे सुधार सकें।

 कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रदेश के युवाओं को यह भरोसा दिलाया कि पंजाब में आगे भी पारदर्शिता के साथ नौकरियां देने का सिलसिला जारी रहेगा। इसके साथ उन्होंने नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को और अधिक शिक्षा हासिल कर उच्च पदों तक पहुंचने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

आपको बता दें कि पंजाब में पहली बार आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है जिसे ढाई साल हो चुके हैं। आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में बड़े बदलाव का वादा किया था जिनमें से कुछ काम किए भी गए हैं। अब देखना होगा कि बचे हुए ढाई साल के कार्यकाल में आम आदमी पार्टी क्या अपने वादों को पूरा कर पाती है या नहीं।