CM भगवंत मान बोले — पंजाब बना निवेश का हॉटस्पॉट, दुनिया की बड़ी कंपनियां कर रहीं रुचि
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बेंगलुरु में शीर्ष उद्योगपतियों से मुलाकात कर राज्य को निवेश के लिए सबसे बेहतर गंतव्य बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब अपार संभावनाओं की भूमि है, जहां निवेशकों को न सिर्फ बेहतरीन बुनियादी ढांचा मिलेगा बल्कि शांति, भाईचारे और स्थिर माहौल का भी लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि बिजली आर्थिक विकास का इंजन है, और पंजाब सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि घरेलू, औद्योगिक और कृषि क्षेत्रों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिले। उन्होंने उद्योग जगत से अपील की कि वे राज्य के कुशल मानव संसाधन, अनुकूल नीति और तेज़ी से बढ़ते औद्योगिक ढांचे का लाभ उठाएं। सीएम मान ने उद्योगपतियों को बताया कि सरकार नए विचारों और रिसर्च आधारित नवाचारों को प्रोत्साहित करने के लिए हमेशा तैयार है। उन्होंने सभी उद्योगपतियों को ‘प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन’ के छठे संस्करण (13–15 मार्च 2026, मोहाली) में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया, जहां नीति निर्माता, शोधकर्ता और उद्योगपति मिलकर पंजाब के औद्योगिक विकास की नई दिशा तय करेंगे।