सूरत टेक्सटाइल इंडस्ट्री की बर्बादी का जश्न मना रही है भाजपा सरकार : मनोज सोरठिया
आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री मनोज सोरठिया ने केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह के सूरत दौरे पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार सूरत के मैन-मेड फाइबर और टेक्सटाइल बिजनेस को पूरी तरह बर्बाद कर चुकी है। कपड़ा मंत्री ढाई साल में दूसरी बार सूरत आ रहे हैं, लेकिन जिन्हें कपड़ा मंत्रालय की बुनियादी समझ भी नहीं है, वे किस बात का ‘रिफॉर्म उत्सव’ मना रहे हैं? सरकार ने व्यूवर्स को दी जाने वाली कैपिटल सब्सिडी, बिजली सब्सिडी और टेक्सटाइल अपग्रेडेशन फंड को पूरी तरह खत्म कर दिया है। यार्न के बढ़ते दामों, जीएसटी की जटिलताओं, घटती मांग और ठप्प पड़े एक्सपोर्ट के कारण सूरत का टेक्सटाइल मार्केट पूरी तरह से बिखर चुका है, जिससे व्यूवर्स और करोड़ों रुपये का निवेश करने वाले व्यापारी गंभीर संकट में हैं।
मनोज सोरठिया ने आरोप लगाया कि औधोगिक क्षेत्रों में सरकार मजदूरों और व्यापारियों को बुनियादी सुविधाएं तक मुहैया कराने में पूरी तरह विफल रही है, जिसके चलते सूरत की इंडस्ट्रीज से मजदूर तेजी से पलायन कर रहे हैं। चाइना के साथ प्रतिस्पर्धा में पिछड़ने और कोई नई राहत न मिलने के कारण व्यापारी अपने निवेश पर शून्य प्रतिशत रिटर्न पाने को मजबूर हैं। इसके बावजूद सरकार कपड़ा उद्योग के दुखों को दूर करने के बजाय जबरन व्यापारियों को डरा-धमकाकर भीड़ इकट्ठा कर रही है। यह कोई रिफॉर्म उत्सव नहीं बल्कि सूरत के टेक्सटाइल उद्योग की बर्बादी का जश्न है, और आने वाले समय में गुजरात का व्यापारी भाजपा सरकार को इसका करारा जवाब देगा।