हिमाचल में 4-5 नवंबर को बर्फबारी के आसार: ऊंचे इलाकों में बढ़ेगी ठंड, कुकुमसेरी का पारा -1.2°C; मंडी-बिलासपुर में छाया कोहरा
हिमाचल प्रदेश में सर्दी धीरे-धीरे दस्तक दे रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, 4 और 5 नवंबर को राज्य के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और बारिश की संभावना है। शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस 4 नवंबर से सक्रिय होगा, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
5 नवंबर को पूरे प्रदेश में बारिश के आसार हैं, जबकि लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा के दुर्गम इलाकों में ठंड और बढ़ेगी। वर्तमान में कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान -1.2°C और ताबो का -0.8°C दर्ज किया गया है। प्रदेश के 10 शहरों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। हालांकि, औसतन अधिकतम और न्यूनतम तापमान अब भी सामान्य से थोड़ा ज्यादा बना हुआ है।
पिछले 24 घंटों में धर्मशाला, ऊना और सोलन में तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। धर्मशाला का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक होकर 17.8°C, ऊना का 4.8 डिग्री अधिक होकर 15.5°C और सोलन का 4.5 डिग्री अधिक होकर 12.4°C पहुंच गया। वहीं, मंडी और बिलासपुर में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। सुंदरनगर, बल्ह घाटी और भाखड़ा डैम क्षेत्र में सुबह करीब 10 बजे तक दृश्यता घटकर 100 मीटर तक रह गई।