दिल्ली पर वार, अन्य राज्य रहें तैयार

दिल्ली पर वार, अन्य राज्य रहें तैयार

दिल्ली में सेवाओं पर नियंत्रण से जुड़े अध्यादेश के खिलाफ रविवार को रामलीला मैदान में अाम आदमी पार्टी (आप) की महारैली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला बाेला। केजरीवाल ने कहा, ‘मोदीजी का यह काला अध्यादेश कहता है कि मैं लोकतंत्र को स्वीकार नहीं करता। जब प्रधानमंत्री कहते हैं कि वह सुप्रीम कोर्ट के फैसले को स्वीकार नहीं करते, तो यह हिटलरशाही है।’ आप नेता ने कहा कि सबसे पहले दिल्ली पर ‘वार’ किया गया है। दिल्ली की जनता के अधिकार छीनने वाले इस अध्यादेश का अगर विरोध नहीं किया गया तो राजस्थान, पंजाब और महाराष्ट्र जैसे अन्य राज्यों के लिए भी इसी तरह के अध्यादेश लाए जाएंगे।

केंद्र के अध्यादेश को दिल्ली के लोगों का अपमान बताते हुए उन्होंने कहा कि अब दिल्ली में अत्याचारी शासन होगा। अब दिल्ली के लोग नहीं, बल्कि उपराज्यपाल सर्वोच्च हैं। भीषण गर्मी के बीच हजारों लोग महारैली में भाग लेने के लिए रामलीला मैदान में एकत्र हुए, जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ-साथ आप के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने भी इस रैली में शिरकत की।

हमारे पास सौ सिसोदिया और जैन : आप नेता मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर केजरीवाल ने कहा कि दोनों नेताओं को दिल्ली के काम रुकवाने के लिए गिरफ्तार किया गया, लेकिन हमारे पास 100 सिसोदिया, 100 जैन हैं। हम अच्छे काम जारी रखेंगे।

सिब्बल का तंज- यह डबल बैरल की सरकार

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर हमला करते हुए उसे ‘भारतीय जुगाड़ पार्टी’ बताया, जो केवल सरकारों को गिराना जानती है। राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा से लड़ने के लिए विपक्षी एकता पर जोर दिया। उन्होंने दावा किया, ‘वे डबल इंजन वाली सरकारों की बात करते हैं, लेकिन वास्तव में यह डबल बैरल सरकार है जिसमें एक बैरल सीबीआई और दूसरी ईडी है।’

21 साल बनाम 8 साल

केजरीवाल ने कहा, ‘मोदीजी गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और फिर प्रधानमंत्री के रूप में कुल 21 वर्षों से सत्ता में हैं। केजरीवाल आठ साल से सत्ता में है। किसने लोगों के लिए ज्यादा काम किया है? उन्होंने पूरी शक्ति होने के बावजूद उस तरह का काम नहीं किया, जैसा मैंने किया है।’

लोकतंत्र बचाने का आंदोलन होगा सफल

आप प्रमुख ने कहा, ‘12 साल पहले इसी रामलीला मैदान से भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन सफल हुआ था। लोकतंत्र और संविधान को बचाने का जो आंदोलन आज इस मंच से शुरू हो रहा है, वह भी सफल होगा।’