PS पूरन कुमार की शोक सभा 26 अक्टूबर को, नाडा साहिब गुरुद्वारे में होगा आयोजन

PS पूरन कुमार की शोक सभा 26 अक्टूबर को, नाडा साहिब गुरुद्वारे में होगा आयोजन
हरियाणा के आईपीएस अधिकारी पूरन कुमार की शोक सभा की तारीख तय कर दी गई है। यह कार्यक्रम 26 अक्टूबर को नाडा साहिब गुरुद्वारा में आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय 51 सदस्यीय कमेटी की बैठक में परिजनों की सहमति के बाद लिया गया। शनिवार को हुई पहली बैठक में तारीख पर सहमति नहीं बन पाई थी, लेकिन अब परिवार की मंजूरी से आयोजन की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।

गौरतलब है  कि रोहतक के सुनारिया पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज (PTC) में तैनात IG वाई पूरन कुमार ने 7 अक्टूबर को चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित सरकारी आवास पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने 8 पेज का सुसाइड नोट और एक पेज की वसीयत छोड़ी थी, जिसमें हरियाणा DGP शत्रुजीत कपूर और रोहतक SP नरेंद्र बिजारणिया समेत 15 अधिकारियों पर उत्पीड़न के आरोप लगाए गए थे। सेक्टर-20 स्थित रविदास मंदिर में हुई बैठक में तय हुआ कि पूरन कुमार की शोक सभा को बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा। इसमें करीब 15 हजार लोगों को आमंत्रित किया जाएगा और राज्य के सभी IAS व IPS अधिकारियों को बुलाया जाएगा। कमेटी के लीगल एडवाइजर ओपी इंदल ने बताया कि यह आयोजन भव्य और सम्मानजनक रूप से किया जाएगा।

इसके अलावा, 31 सदस्यीय कमेटी ने फैसला किया है कि यह मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। इसके लिए ऑल इंडिया लेवल कमेटी बनाई जाएगी जिसमें सामाजिक संगठनों के प्रमुख लोग शामिल होंगे। कमेटी कांग्रेस नेता राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात करेगी और साथ ही वर्ल्ड बैंक को पत्र लिखकर सरकार की नीतियों पर आपत्ति जताने की योजना बना रही है। उनका कहना है कि सरकार जनता के धन का गलत इस्तेमाल कर रही है, इसलिए वर्ल्ड बैंक से वित्तीय सहायता रोकने और पहले दी गई राशि वापस लेने की मांग की जाएगी।