दिल्ली-अमृतसर हाईवे भी आधा घंटा जाम, किलोमीटर योजना के खिलाफ उतरे पनबस कर्मचारी
जालंधर में सोमवार को पंजाब रोडवेज और पनबस के कच्चे कर्मचारियों ने किलोमीटर बस योजना के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बस स्टैंड को करीब दो घंटे के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया। प्रदर्शन सुबह 12 बजे से शुरू हुआ, जहां कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने दोपहर 2 बजे तक कोई समाधान नहीं निकाला, तो वे हाईवे पर उतरकर धरना देंगे।
जब सरकार की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं मिला, तो कर्मचारियों ने पीएपी चौक फ्लाईओवर के पास हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। यह जाम करीब 30 मिनट तक चला, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया और लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर रास्ता खुलवाया और यातायात बहाल कराया। कर्मचारियों को आश्वासन दिया गया है कि किलोमीटर योजना से जुड़ा टेंडर 23 अक्टूबर तक टाल दिया जाएगा।