दुनिया के सबसे बड़े संगम का आखिरी दिन, अब तक 65 करोड़ श्रद्धालु कर चुके हैं स्नान

दुनिया के सबसे बड़े संगम का आखिरी दिन, अब तक 65 करोड़ श्रद्धालु कर चुके हैं स्नान

आज महाकुंभ का आखिरी दिन है। पिछले 44 दिनों में 65 करोड़ श्रद्धालु इसमें शामिल हो चुके हैं। यह आंकड़ा संयुक्त राज्य अमेरिका की जनसंख्या (लगभग 340 मिलियन) से दोगुना है। 45 दिवसीय महाकुंभ का समापन महाशिवरात्रि पर्व के स्नान के साथ होगा।

अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने भी महाकुंभ जाते हुए एक वीडियो शेयर किया। आज सुबह 10 बजे तक 81.09 लाख लोग स्नान कर चुके हैं। अनुमान है कि महाशिवरात्रि पर तीन करोड़ श्रद्धालु आएंगे। यानी कुल आंकड़ा 66 से 67 करोड़ तक पहुंच जाएगा।

संगम में डुबकी लगाने वालों की यह संख्या 193 देशों की जनसंख्या से भी अधिक है। केवल भारत और चीन की जनसंख्या ही महाकुंभ में आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या से अधिक है। योगी सरकार ने दावा किया कि दुनिया के आधे हिंदुओं के बराबर लोग यहां आ चुके हैं।

महाकुंभ के अंतिम स्नान को देखते हुए 25 फरवरी की शाम से प्रयागराज शहर में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। मेले के अंदर भी वाहन नहीं चल रहे हैं। संगम की ओर जाने वाले मार्गों पर रात से ही भारी भीड़ है। संगम घाट पर स्नान के बाद श्रद्धालुओं से घाट खाली करने को कहा जा रहा है ताकि वहां भीड़ न हो।

इस बीच, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की राज्यसभा सदस्य महुआ माझी लातेहार (झारखंड) में सड़क दुर्घटना में घायल हो गईं। उनके बेटे, बहू और ड्राइवर को भी चोटें आईं। यह परिवार महाकुंभ से लौट रहा था।