अब विदेशों में बिकेंगी भारत में बनी गाड़ियां, PM मोदी ने दी हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, 26 अगस्त को गुजरात के हंसलपुर में ई-विटारा को निर्यात के लिए हरी झंडी दिखाई।
यह मारुति की पहली इलेक्ट्रिक कार है। यह गाड़ी पूरी तरह से भारत में बनी है और इसे यूरोप और जापान जैसे 100 से ज़्यादा देशों में निर्यात किया जाएगा।
इस कार में 49kWh और 61kWh के दो बैटरी पैक विकल्प होंगे। कंपनी का दावा है कि यह कार एक बार फुल चार्ज होने पर 500 किलोमीटर से ज़्यादा चलेगी। इस इलेक्ट्रिक एसयूवी का उत्पादन सुजुकी मोटर गुजरात प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट में फरवरी 2025 से शुरू हो गया है।
कीमत 20 लाख रुपये से शुरू हो सकती है
49kWh बैटरी पैक वाले मारुति ई-विटारा के बेस मॉडल की कीमत 20 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो सकती है। वहीं, हाई-पावर मोटर वाले 61kWh बैटरी पैक वाले मॉडल की कीमत 25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो सकती है।
इसके अतिरिक्त, ई-ऑलग्रिप AWD संस्करण की कीमत 30 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) होने की संभावना है। भारतीय बाजार में, ई विटारा इलेक्ट्रिक एसयूवी का मुकाबला एमजी जेडएस ईवी, टाटा कर्व ईवी, हुंडई क्रेटा ईवी और महिंद्रा बीई05 से होगा।