पीएम मोदी ने अंबाला में की बड़ी रैली, बोले-मैंने हरियाणा की रोटी खाई है, चार चरण में INDI गठबंधन चारों खाने चित
हरियाणा के अंबाला में पीएम मोदी ने प्रदेश में अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत कर दी है। अंबाला की रैली में पहुंची लोगों की भीड़ को देखकर पीएम मोदी भी उत्साहित दिखे। पीएम मोदी ने भारत माता की जय के साथ अंबाला में अपना संबोधन शुरू किया। अंबाला की धरती से पूरे हरियाणा को राम राम किया। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत में ही कहा कि हरियाणा यानी हिम्मत, हरियाणा यानी हौसला, तभी तो हरियाणा धाकड़ है। पीएम ने आगे कहा कि मैंने कई सालों तक हरियाणा की रोटी खाई है। इसीलिए हरियाणा की तरह ही मोदी ने भी दस साल तक सरकार भी धाकड़ चलाई है।

पीएम मोदी ने अंबाला के दिवंगत सांसद रत्नलाल कटारिया की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। आपको बता दें कि आज ही स्वर्गीय रत्नलाल कटारिया की पुण्यतिथि है। अंबाला में पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा सत्य की धरती है, इस धरती पर कांग्रेस ने झूठ बोला है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हर परिवार की चिंता की। इसलिए ऐसे संवेदनशील निर्णय मोदी लेता है।पीएम ने कहा कि मोदी विकसित भारत का संकल्प लेकर निकला है। इसलिए हरियाणा का बहुत अधिकार मेरे पर है, क्योंकि मेरी इस यात्रा में हरियाणा के भी संस्कार हैं। मैं आपको ये गारंटी देता हूं कि आपका सपना ही मेरा संकल्प है।

पीएम मोदी ने किसानों पर बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने किसानों के नाम पर राजनीति की और हमने दस साल में 20 करोड़ रुपए का एमएसपी में हमने किसानों से अनाज खरीदा है। यानी तीन गुना अनाज किसानों से खरीदा गया है। किसानों के पैसे बैंक खाते में जमा होते हैं। लेकिन कांग्रेस ने गन्ना किसानों को सिर्फ और सिर्फ धोखा दिया है। पीएम मोदी ने INDI गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के चार चरणों में INDI गठबंधन के सभी दल चारों खाने चित हो चुके हैं।

कांग्रेस पर सियासी प्रहार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास हमारी सेनाओं को, हमारे फौजियों को धोखा देने का रहा है। देश का पहला घोटाला कांग्रेस ने भारत की सेना में ही किया था। उन्होंने कहा कि बोफोर्स घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, हेलिकॉप्टर घोटाला कांग्रेस ने किया, कांग्रेस ने भारत की सेनाओं को कमजोर बनाकर रखा। ताकि विदेश से हथियार मंगवाने के नाम पर घोटाले कर सकें।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे सैनिकों को कपड़े, जूते, बुलेटप्रूफ जैकेट भी नहीं मिलती थी, उनके पास अच्छी राइफलें तक नहीं थी। उन्हें लाठी देकर कहा जाता था कि आतंकियों का मुकाबला करो। लेकिन जब मोदी सरकार आई तो हमने कहा कि अब ये नहीं चलेगा। मैंने भारत की सेनाओं को आत्मनिर्भर बनाने का अभियान शुरू किया। और आज सेना को मेड इन इंडिया के हथियार मिल रहे हैं।

अंबाला की रैली में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इंडी वालों ने देश के खिलाफ जो भी दांव-पेच चले थे उन्हें चुनावी मैदान में जनता ने खुद पटखनी दे दी है। हरियाणा तो वो राज्य है जिसकी रगों में देशभक्ति है। और देश विरोधी ताकतों को हरियाणा अच्छी तरह जानता है, पहचानता है। इसलिए हरियाणा का गांव-गांव, घर-घर एक ही आवाज में बोल रहा है, फिर एक बार मोदी सरकार।