परिणीति-राघव की शादी की तारीख हुई फिक्स, उदयपुर में लग्जरी होटल हुआ बुक

परिणीति-राघव की शादी की तारीख हुई फिक्स, उदयपुर में लग्जरी होटल हुआ बुक

आम आदमी पार्टी (आप) सांसद राघव चड्ढा और बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा इस महीने के अंत में राजस्थान के उदयपुर में शादी के बंधन में बंधने जा रहे है। इससे पहले उन्होंने अपने रिश्ते को लेकर खूब सुर्खियां बटोरी थी। दोनों नें सगाई के बाद ही अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप से सामने रखा था। तभी से उनके चाहने वाले उनकी शादी का इंतजार कर रहे हैं और फाइनली यह इंतजार खत्म हो गया है। दोनों जोड़ों की शादी की रस्में 23 और 24 सितंबर को लीला पैलेस और द ओबेरॉय उदयविलास में शुरू होने जा रही है। कहा जा रहा है कि 200 से अधिक मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था की गई है और 50 से अधिक वीवीआईपी मेहमान भी शादी समारोह में शामिल हो सकते हैं।

शादी की रस्मों की तैयारियां शुरू हो गईं। शादी में आप सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके पंजाब समकक्ष भगवंत मान सहित कई लोग शामिल होंगे।

परिणीति चोपड़ा की चचेरी बहन प्रियंका चोपड़ा और उनके पति निक जोनस भी इस मौके की शोभा बढ़ाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, हल्दी, मेहंदी और महिला संगीत सहित शादी के कार्यक्रम 23 सितंबर से शुरू होंगे। शादी के बाद हरियाणा के गुरुग्राम में एक रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। लीला पैलेस और उदयविलास के अलावा आसपास के तीन होटलों में भी बुकिंग की गई है। वीवीआईपी मेहमानों की महत्ता को देखते हुए खुफिया अधिकारियों ने होटलों में निरीक्षण किया है। दो महीने पहले, राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा ने व्यक्तिगत रूप से होटलों के स्थानों की जांच करने के लिए उदयपुर का दौरा किया था।