अमेरिका में फिर एक बार ट्रंप सरकार !, फॉक्स न्यूज ने ट्रंप की जीत का ऐलान किया, कमला हैरिस नहीं रच पाईं इतिहास ?

अमेरिका में फिर एक बार ट्रंप सरकार !, फॉक्स न्यूज ने ट्रंप की जीत का ऐलान किया, कमला हैरिस नहीं रच पाईं इतिहास ?

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप जीत गए हैं। अमेरिकी मीडिया हाउस फॉक्स न्यूज ने इसका ऐलान कर दिया है। इसी बीच ऑस्ट्रेलिया के पीएम ने डोनाल्ड ट्रंप को जीत की बधाई भी दे दी है। आपको बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव की रेस में कमला हैरिस 214 सीटों पर अटक कर रह गईं। वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने 247 सीटों पर बढ़त बना ली है। हालांकि अभी ट्रंप को 270 के मैजिक नंबर का तक पहुंचने के लिए 23 सीटों की जरूरत है। लेकिन फॉक्स न्यूज ने ट्रंप की जीत का ऐलान कर दिया है।

आपको बता दें कि अमेरिका में कुल 538 इलेक्टोरल वोट हैं। जिनमें से 270 पर जीत जरूरी है। जिनमें ट्रंप 247 पर आगे हैं और कमला हैरिस 214 पर आगे चल रही हैं।

चुनाव प्रचार के दौरान दोनों प्रतिद्वंदियों का पूरा फोकस 7 स्विंग स्टेट्स पर था, जिनमें से सभी में ट्रंप आगे चल रहे हैं। इनमें से दो में डोनाल्ड ट्रंप ने जीत भी हासिल कर ली है। इसके अलावा बाकी ख़बरों की बात करें तो अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में मात्र 10 राज्यों में काउंटिंग बची है। अब तक 40 राज्यों के नतीजे आ चुके हैं। इनमें 25 में रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप और 15 डेमोक्रेटिक पार्टी की कमला हैरिस को जीत मिली है। वैसे अभी तक हुई वोटिंग में कोई बड़ा उलटफेर नहीं हुआ है। डेमोक्रेट्स के वफादार ब्लू स्टेट ने कमला हैरिस को जीत दिलाई है। जबकि, रिपब्लिकन पार्टी के वफादार रेड स्टेट से डोनाल्ड ट्रम्प जीत रहे हैं।

स्विंग स्टेट वे राज्य हैं जहां दोनों पार्टियों के बीच वोट का मार्जिन काफी कम रहता हैं। ये किसी भी तरफ जा सकते हैं। इन राज्यों में 93 सीटें हैं। अब तक इनमें से 1 नॉर्थ कैरोलिना में ट्रम्प जीत चुके हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार बचे हुए 7 में से 4 राज्यों में डोनाल्ड ट्रम्प लीड कर रहे हैं।

यहां आपको यह भी बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव के साथ ही अमेरिकी संसद के दोनों सदनों सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव के भी चुनाव हुए हैं। इनमें सीनेट यानी ऊपरी सदन में ट्रम्प की पार्टी रिपब्लिकन ने जीत हासिल कर ली है।उन्हें 93 सीटों में से 51 सीटों पर जीत हासिल हुई है। बहुमत के लिए 50 सीटों की जरूरत थी। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव में भी रिपब्लिकन लीड कर रहे हैं।

कांग्रेस के निचले सदन यानी हाउस ऑफ रिप्रजेंटिव में डेमोक्रेट्स को 133 वहीं, रिपब्लिकन को 174 सीटें मिली हैं। इसमें 435 सदस्य होते हैं, इनका कार्यकाल दो साल के लिए होता है।

ट्रम्प 2017 से 2021 तक राष्ट्रपति रह चुके हैं। वहीं कमला हैरिस इतिहास बनाने से चूकती नजर आ रही हैं। क्योंकि अगर वो जीत जातीं तो अमेरिका के इतिहास में पहली महिला राष्ट्रपति बनने का गौरव हासिल करती और इतिहास में अपना नाम दर्ज करवा लेतीं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ, हालांकि कमला हैरिस फिलहाल अमेरिका की उपराष्ट्रपति हैं।