पेरिस ओलंपिक के फाइनल में पहुंचकर विनेश फोगाट ने रचा इतिहास
पेरिस ओलंपिक के फाइनल में पहुंचकर विनेश फोगाट ने इतिहास रच दिया। वह ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला पहलवान बन गईं। उन्होंने महिलाओं की 50 किलोग्राम भारवर्ग के सेमीफाइनल में क्यूबा की लोपेज गुजमान को 5-0 से हराया। मुकाबले में विनेश पहले राउंड तक 1-0 से आगे थीं। फिर आखिरी तीन मिनट में उन्होंने क्यूबा की पहलवान पर डबल लेग अटैक किया और चार पॉइंट अर्जित किए। इस बढ़त को उन्होंने अंत तक बनाए रखा और फाइनल में जगह बनाई। विनेश का इस ओलंपिक में सफर शानदार रहा है। सेमीफाइनल से पहले उन्होंने क्वार्टर फाइनल में यूक्रेन की लिवाच उकसाना को 7-5 से हराया था।