पंजाब में पंचायत चुनाव के लिए वोटिंग जारी, बैलेट पेपर से हो रहा मतदान, ऑन ड्यूटी पुलिसकर्मी की मौत, तरनतारन में चली गोली
पंजाब में आज पंचायत चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। 13,937 ग्राम पंचायतों के लिए पूरे प्रदेश में मतदान हो रहा है। सुबह 11 बजे तक प्रदेशभर में 13 फीसदी मतदान हो चुका है। शाम ही को सभी पंचायतों का रिजल्ट भी आ जाएगा। वोटिंग ईवीएम से नहीं बल्कि बैलेट पेपर से हो रही है। शाम चार बजे तक मतदान चलेगा। इसके बाद से ही रिजल्ट आना शुरू हो जाएगा। पंचायत चुनाव को सही तरीके से संपन्न करवाने के लिए 96 हजार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

वहीं आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब में चल रहे पंचायत चुनाव में दखल देने से इनकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव पर रोक लगाने से इनकार करते हुए कहा कि चुनाव रोकना गंभीर मामला है।
वहीं चुनाव के दौरान बरनाला में पंचायत चुनाव ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान सीनियर कॉंस्टेबल लक्खा सिंह के रूप में हुई है।
वहीं जगराओं के कोठे अठचक्क गांव में मतदान शुरू होते ही विवाद हो गया। लोगों के हंगामे के बाद यहां वोटिंग रुकी हुई है। इसके साथ ही जगराओं के गांव पोना और गांव डल्ला में चुनाव रद्द करने के आदेश दिए गए हैं।

फाजिल्का से जालंधर पंचायत चुनाव ड्यूटी के लिए आए एक अध्यापक की सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मानसा के गांव मानसा खुर्द में वोटिंग रोकी गई है। बैलेट पेपर गलत छपा हुआ था। जैसे ही मामला ध्यान में आया, उसके बाद उच्च अधिकारियों के ध्यान में यह मामला लाया गया।

तरनतारन जिले के गांव सोहल सैण में मतदान केंद्र के बाहर गोली चली। गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया। मतदान के लिए कतार में खड़े लोगों के बीच विवाद हो गया।
वहीं कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी कस्बे के गांव गिल में पंचायत चुनाव की वोटिंग के दौरान चुनाव लड़ रहे कुछ सदस्यों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया है। इस दौरान उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।

आपको बता दें कि पंचायत चुनावों में सरपंच पद के लिए 25,588 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। पंच पद के लिए 80 हजार 598 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं। साथ ही 3,798 सरपंच और 48,861 पंच सर्वसम्मति से चुने गए हैं।