सर्दी से नहीं मिलेगी कोई राहत, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

सर्दी से नहीं मिलेगी कोई राहत, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

देश के मैदानी इलाकों में ठंड का कहर लगातार जारी है। उत्तर भारत में इतनी भीषण ठंड इसलिए पड़ रही है क्योंकि पछुआ पवनें लगातार पश्चिमी और से भारत में प्रवेश कर रही हैं। इसी कारण से मैदानी क्षेत्रों में भीषण ठंड पड़ रही है। हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, बिहार, उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में ठंड ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग में ठंड को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है और यह भी कहा है कि आने वाले 5 दिनों तक ठंड मौसम से किसी भी तरह की राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।

उत्तर प्रदेश में कल फतेहपुर में सबसे न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री तक दर्ज किया गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ठंड भयानक पड़ रही है। मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले 5 दिनों तक उत्तर प्रदेश में मौसम इसी तरह बना रहेगा। प्रदेश में कहीं पर घना कोहरा तो कहीं पर ज्यादा घना कोहरा पड़ेगा। दिन में भी ठिठुरन रहेगी और कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी।

पहाड़ी क्षेत्रों पर लगातार बर्फबारी हो रही है। लगातार तीसरे दिन कश्मीर घाटी में तापमान 0 डिग्री से नीचे रहा। राजस्थान के चूरू और फतेहपुर सीकर में भी तापमान 0 से नीचे रहा। इसके अलावा पंजाब और हरियाणा में भीषण ठंड पड़ रही है। झारखंड में ठंड के कारण 2 लोगों की मौत हो गई।