दिल्ली के मुख्य सचिव को क्यों दिया गया एक्सटेंशन? राघव चड्ढा ने BJP से पूछे 10 सवाल

दिल्ली के मुख्य सचिव को क्यों दिया गया एक्सटेंशन? राघव चड्ढा ने BJP से पूछे 10 सवाल

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार को रिटायरमेंट के बाद भी सेवा विस्तार दिए जाने पर भाजपा से 10 सवाल पूछा है. पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने कहा कि भाजपा ने आपातकालीन परिस्थितियों में इस्तेमाल होने वाली शक्ति का इस्तेमाल कर मुख्य सचिव को सेवा विस्तार देकर ऐसा काम किया है कि उससे पूरी दिल्ली सवाल पूछ रही. दिल्ली वाले भाजपा से पूछ रहा है कि क्यों सेवा विस्तार दिया गया?

उन्होंने कहा कि कैडर के तमाम अनुभवी अफसरों को दरकिनार करते हुए विवादों में रहे मुख्य सचिव को रिटायरमेंट के बाद भी सेवा विस्तार क्यों दिया. यह भाजपा की दिल्ली में खिसकती जमीन को स्वीकार करने को भी प्रमाणित करता है. दिल्ली विधानसभा चुनावों में लगातार हार और अब नगर निगम में भी अरविंद केजरीवाल से हारने के बाद से भाजपा बुरी तरह बौखलाई हुई है।

इसलिए वो उपराज्यपाल और कुछ खास अफसरों के जरिए दिल्ली में AAP की सरकार को अस्थिर करने की लगातार कोशिश कर रही है लेकिन दिल्ली की जनता भाजपा की इस कोशिश को कामयाब नही होने देगी।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि दिल्ली में लगातार तीन बार यानी 2013, 2015 और 2020 में आम आदमी पार्टी की जीत हुई और अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बने. आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में भाजपा का सूपड़ा साफ करने का काम किया और अब दिल्ली में भाजपा की सियासी जमीन खिसक चुकी है. यहां तक कि दिल्ली नगर निगम के चुनाव में भी अभूतपूर्व समर्थन के साथ दिल्ली के लोगों ने अपने बेटे अरविंद केजरीवाल को जिताया और नगर निगम में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई. साथ ही जनता ने नगर निगम में चले रहे भाजपा के कुकर्मों पर ताला लगाया।

उन्होंने कहा कि जब भाजपा ये समझ गई कि दिल्ली में उसकी राजनीतिक दुकान पर ताला लग चुका है तो उसने दिल्ली से आम आदमी पार्टी की सरकार को अस्थिर करने का षड्यंत्र रचा. भाजपा कभी उपराज्यपाल तो कभी कुछ खास अफसरों के माध्यम से दिल्ली सरकार को अस्थिर करने की लगातार कोशिश करती आई है. हाल ही में, दिल्ली के मुख्य सचिव, जो पिछले कुछ दिनों से विवादों में घिरे रहे और जिनको लेकर विजिलेंस ने कई रिपोर्ट बनाईं, उनकी सेवा को विस्तार देते हुए भाजपा ने एक ऐसा काम किया, जिस कारण दिल्ली वाला आज उससे कई सवाल पूछ रहा है।