नहीं रहे बॉलीवुड के डिस्को किंग बप्पी लहरी, 69 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

नहीं रहे  बॉलीवुड के डिस्को किंग बप्पी लहरी,  69 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

गायक और संगीतकार बप्पी लहरी का मंगलवार रात 11 बजे 69 साल की उम्र में निधन हो गया है।बप्पी लहरी ने मुंबई के एक अस्पताल में अपनी अंत‍िम सांसे लीं। बप्पी लहरी ऑब्स्ट्रक्ट‍िव स्लीप एपन‍िया (OSA) और रीकरेंट चेस्ट इन्फेक्शन से ग्रस‍ित थे।  उनका इलाज डॉ. दीपक नामजोशी ने किया। इसके साथ वे 29 दिनों तक जुहू के क्रिटी केयर अस्पताल में भर्ती रहे। इसके बाद उन्हें 15 फरवरी को डिस्चार्ज कर दिया गया था। हालांकि, घर पर उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई और उन्हें गंभीर हालत में जुहू के क्रिटी केयर अस्पताल में वापस लाया गया और लगभग 11.45 बजे उनकी मृत्यु हो गई। वह पिछले एक साल से OSA से पीड़ित थे। 
बप्पी लहरी पिछले कुछ समय से बीमार थे। उन्हें पिछले साल से ही अस्पताल का चक्कर लगाना पड़ रहा था।  गत वर्ष जब सिंगर में कोरोना के हल्के लक्षण नजर आए थे, तब भी उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था।  वे ब्रीच कैंडी अस्पताल में डॉक्टर्स की निगरानी में थे।  
म्यूजिक इंडस्ट्री में बप्पी लहरी को डिस्को किंग कहा जाता था। उनका असली नाम अलोकेश लहरी था। बप्पी लहरी म्यूजिक के साथ-साथ सोना पहनने के अंदाज को लेकर भी जाने जाते थे। उन्हें 80 और 90 के दशक में भारत में डिस्को संगीत को लोकप्रिय बनाने वाले संगीतकार और गायकके रूप में काफी प्रसिद्धि मिली थी। 
बप्पी लहरी के परिवार वालों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार कल किया जाएगा। उनके बेटे बप्पा अभी अमेरिका में हैं और वह कल दोपहर तक मुंबई पहुंचेंगे। इसके बाद उनका क्रिया कर्म किया जाएगा।