योगमय हुई देवभूमि उत्तराखंड पहाड़ से लेकर मैदान में सैकड़ों स्थानों पर योगाभ्यास

योगमय हुई देवभूमि उत्तराखंड पहाड़ से लेकर मैदान में सैकड़ों स्थानों पर योगाभ्यास

देहरादून: आज पूरे विश्व भर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। कोविड-19 महामारी के कारण बीते दो साल से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सार्वजनिक तौर पर नहीं मनाया गया था। वर्ष 2019 के बाद सार्वजनिक तौर पर योग दिवस मनाया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक के मैसूर में सामूहिक योगाभ्यास का नेतृत्व किया। 
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उत्तराखंड में केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री व प्रदेश मंत्रियों ने अलग-अलग स्थानों पर आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजित इस कार्यक्रमों में उपस्थित होकर योगाभ्यास किया। 
देवभूमि उत्तराखंड में मंगलवार सुबह होते ही योगमय हो गई। पहाड़ से लेकर मैदान में सैकड़ों स्थानों पर योगाभ्यास किया गया। पहाड़ में धार्मिक स्थलों, गांव, पर्यटक स्थलों पर, पार्कों, कार्यालयों, स्कूल-कॉलेजों, गली मोहल्लों में योग किया गया। इसमें विद्यार्थी से लेकर अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक शामिल रहे। सभी को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। 
लोगों को अपने दैनिक जीवन में योगाभ्यास अपनाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए  केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा, संतुलित जीवन जीने के लिए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों के लिए योग अनिवार्य है। योग की लोकप्रियता देश की सीमाओं को पार कर गई है और आज दुनिया भर में इसका अभ्यास किया जाता है।' 
मदन कौशिक ने योग को दुनिया भर में लोकप्रिय बनाने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, स्वयं योग के शौकीन होने के अलावा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने योग को जीवन के तरीके के रूप में अपनाने के लिए लोगों की कल्पना और उत्साह को समझ लिया है। जिस पैमाने पर भारत और दुनिया भर में अब योग का अभ्यास किया जाता है वह अभूतपूर्व है। 
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग की अवधारणा का प्रस्ताव करने के बाद प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। दुनिया के 175 देशों ने प्रधानमंत्री के इस विचार का समर्थन किया था। आज संपूर्ण विश्व योग को अपने दिनचर्या में शामिल कर चुका है।