यूपी: सिरसागंज विधायक हरिओम यादव पार्टी से निलंबित

यूपी: सिरसागंज विधायक हरिओम यादव पार्टी से निलंबित
यूपी: सिरसागंज विधायक हरिओम यादव पार्टी से निलंबित

लखनऊ:फिरोजाबाद जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक एवं संरक्षक मुलायम सिंह यादव के समधी सिरसागंज के सपा विधायक हरिओम यादव को पार्टी ने छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। हरिओम यादव पिछले काफी समय से पार्टी लाइन से हटकर काम कर रहे थे। उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सोमवार को यह कार्रवाई की गई।सपा के कद्दावर नेताओं में शुमार रहे हरिओम यादव 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा की लहर के बीच सिरसागंज सीट बचाने में सफल रहे थे। जिले की चार सीट भाजपा के खाते में गई थी, लेकिन पार्टी की उपेक्षा और मनमुटाव के चलते सपा से हरिओम का मोहभंग हो गया। 
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव ने सपा से अलग होकर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया का गठन किया तो हरिओम यादव खुलकर उनके साथ आ गए थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में सिरसागंज विधायक ने प्रसपा के लिए काम किया। लोकसभा चुनाव में शिवपाल यादव एवं अक्षय यादव के बीच चली वर्चस्व की लड़ाई के बीच भाजपा डॉ. चंद्रसेन जादौन जीते थे। 
प्रसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने जसराना में सभा के दौरान हरिओम यादव को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया था। तभी से सपा ने उनको पार्टी से निलंबित करने का मन बना लिया था। सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने उनके निष्कासन की घोषणा कर दी। उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में सक्रिय एवं भाजपा से सांठ-गांठ करने का आरोप लगाया गया।  
भाजपा से मिलकर सपा को खत्म करना चाहते हैं रामगोपाल: हरिओम 
सपा से निष्कासन के बाद सिरसागंज विधायक हरिओम यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी अब नेताजी मुलायम सिंह यादव एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पार्टी नहीं रही है। अब यह प्रोफेसर रामगोपाल यादव की पार्टी हो गई है। उन्होंने कहा कि मैंने रामगोपाल यादव के कार्यों का विरोध किया। प्रोफेसर रामगोपाल यादव भाजपा से मिलकर सपा को खत्म करने की साजिश रच रहे हैं। नेताजी हैं तब तक रिश्तेदारी चलेगी। शीघ्र ही जिले के प्रमुख लोगों से मंथन करके आगे की रणनीति तय की जाएगी।