केन्द्र से उत्तराखंड को मिली कोरोना वैक्सीन की और एक लाख डोज

केन्द्र से उत्तराखंड को मिली कोरोना वैक्सीन की और एक लाख डोज
Demo Pic

देहरादून : उत्तराखंड में 45 साल से ज्यादा उम्र के व्यक्तियों के टीकाकरण के लिए वैक्सीन की एक लाख खुराक मिल गई है। इसे जिलों को भी बांट दिया गया है। वैक्सीन की कमी के कारण बीते कुछ वक्त से मंद पड़े टीकाकरण अभियान को इससे गति मिलने की उम्मीद है। दरअसल, वैक्सीन का स्टॉक सीमित होने के कारण 45 साल से अधिक के लोगों के टीकाकरण की रफ्तार धीमी पड़ गई थी। इस आयुवर्ग का टीकाकरण कुछेक ही केंद्रों पर किया जा रहा था। पिछले काफी वक्त से केंद्र से वैक्सीन आने का इंतजार किया जा रहा था। शुक्रवार को वैक्सीन पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी राहत की सांस ली है। बता दें कि इस आयुवर्ग की वैक्सीन राज्यों को निश्शुल्क मिल रही है। जबकि 18-45 साल वालों के लिए वैक्सीन राज्य को खुद खरीदनी है। जल्द 1.20 लाख वैक्सीन इस आयुवर्ग के लिए भी पहुंचने की संभावना है। इधर, राज्य ने वैक्सीन की खरीद को ग्लोबल टेंडर भी किया है। ये टेंडर 24 मई को खुलेगा।