हरियाणा के रेवाड़ी में गरजे अमित शाह, बोले- कांग्रेस ने कभी सेना का सम्मान नहीं किया, हर अग्निवीर को देंगे पेंशन वाली नौकरी
हरियाणा विधानसभा के लिए चुनाव प्रचार तेज है। केंद्रीय गृहमंत्री ने भी बीजेपी के लिए प्रचार में पूरी ताकत लगा दी है। आज शुक्रवार के दिन गृहमंत्री प्रदेश में तीन रैलियां कर रहे हैं। रेवाड़ी में अपनी पहली रैली में जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने जहां कांग्रेस पर खूब तीखे सियासी वार किए वहीं प्रदेश की नायब सरकार और केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। रेवाड़ी में जिले की तीनों सीटों के प्रत्याशी मौजूद रहे। जिनमें रेवाड़ी से लक्ष्मण यादव, कोसली से अनिल डहिना और बावल से डॉ. कृष्ण कुमार शामिल हैं।
रेवाड़ी के बाद अमित शाह की अंबाला के बराड़ा और कुरुक्षेत्र के लाडवा में रैलियां हैं। वे अंबाला के लिए रवाना हो चुके हैं। रेवाड़ी की रैली में गृहमंत्री ने कहा कि हरियाणा के हर अग्निवीर को पेंशन वाली नौकरी मिलेगी।
अमित शाह ने अपना भाषण शुरू करते हुए कहा कि आज मैं सबसे पहले मोती चौक घंटेश्वर मंदिर को प्रणाम करके बात शुरू करता हूं। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी आया हूं, श्री राव तुलाराम जी को उनके देश के लिए किए कामों को लेकर प्रणाम करता हूं।

अमित शाह ने कहा कि हरियाणा की भूमि बलिदान और वीरता की भूमि है। ये शक्ति और समृद्धि की भूमि है। हम सब गुजरात से आते हैं, हमारे यहां हरियाणा पंजाब को बहुत सम्मान से देखते हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा वो भूमि है, जहां से हर दसवां जवान हरियाणा का होता है। आज देश की सीमा सुरक्षित है, उसमें हरियाणा के जवानों का बलिदान शामिल है।
2014 में लोकसभा चुनाव के नरेंद्र मोदी के प्रचार अभियान की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि मोदी जी ने 2014 में अपने प्रचार अभियान की शुरुआत हरियाणा से ही की थी, उन्होंने वादा किया था कि 40 साल वन रैंक वन पेंशन की जो मांग जवानों की थी, उसको हम पूरा करेंगे।
इंदिरा गांधी से लेकर सोनिया गांधी तक कांग्रेस ने ये वादा पूरा नहीं किया। लेकिन आपने मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाया मोदी जी ने 2015 में अपना वादा पूरा किया।

उन्होंने कहा कि आज वन रैंक-वन पेंशन का तीसरा वर्जन भी लागू कर दिया गया है। वहीं सेना के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस वाले सेना का सम्मान नहीं करते । कांग्रेस ने सेनाध्यक्ष को गुंडा कहा था। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस सरकार में डीलर-दलाल नियुक्ति पत्र देते थे लेकिन बीजेपी में डाकिया देकर आता है। बीजेपी सरकार ने डीलर-दामाद का नामोनिशान मिटा दिया।
राहुल गांधी को चुनौती देते हुए अमित शाह ने कहा कि वो कांग्रेस शासित राज्यों में MSP लागू करके दिखाएं। उन्होंने कहा कि राहुल बाबा आपको एमएसपी की फुल फॉर्म मालूम है क्या? वहीं अमित शाह ने ये भी दोहराया कि हरियाणा में कांग्रेस की रैली में पाकिस्तान के नारे लगे।
आरक्षण के मुद्दे पर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी आरक्षण खत्म करना चाहते हैं लेकिन जब तक बीजेपी सरकार है, आरक्षण खत्म नहीं करने देंगे।
कशमीर के मुद्दे पर बोलते हुए अमित शाह ने राहुल गांधी को कश्मीर में धारा 370 दोबारा लागू करने का भी चैलेंज दिया। उन्होंने कहा कि आप तो क्या आपकी तीसरी पीढ़ी भी धारा 370 फिर से नहीं ला पाएगी।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राहुल बाबा को कोई काम नहीं है। अफवाह फैलाते रहते हैं। इसलिए हमारा हरियाणा इतना रह गया था। कांग्रेस की सरकार में एक जिले का काम होता था।
दूसरा सीएम आता था तो दूसरे जिले का काम होता था, गुंडागर्दी बढ़ जाती थी, लेकिन जब से बीजेपी आई है तब से 36 बिरादरी का काम किया गया। दस साल के अंदर भ्रष्टाचार का नामोनिशान बीजेपी ने मिटा दिया है।

अमित शाह का पूरे भाषण में राहुल गांधी सबसे ज्यादा निशाने पर रहे। कश्मीर के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ये वहां जाकर कहते हैं कि जेलों में बंद पत्थरबाज और आतंकवादियों को छोड़ देंगे। उन्होंने चुनौती भरे लहजे में कहा कि राहुल बाबा यदि हिम्मत हो तो वही भाषण हरियाणा में आकर दो। कश्मीर में एक भाषण, हरियाणा में दूसरा भाषण।वहां जाकर कहते हैं कि कश्मीर में तिरंगा नहीं दूसरा झंडा फहरेगा। ये कांग्रेस पार्टी वोट बैंक के लालच में तुष्टिकरण करने में लगी है। उनको राम मंदिर बने तो दिक्कत है। संसद में मजाक उड़ाते हैं।
नौकरियों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जितनी भी नौकरियां थी उसमें ना तो पर्ची चली और ना ही खर्ची चली। कांग्रेस की सरकार में डीलर और दलाल नियुक्ति पत्र देते थे। अब डाकिया नियुक्ति पत्र लेकर आता है। रेवाड़ी में एम्स लाने का श्रेय उन्होंने राव इंद्रजीत को देते हुए कहा कि इसमें राव साहब का बड़ा अहम रोल है। दक्षिण हरियाणा के सभी जिलों को इसका लाभ मिलेगा।टिकट ना मिलने पर जो नेता पार्टी छोड़ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं उन पर अमित शाह ने कहा कि मैं लोगों से अपील करता हूं कि जिनके पास कमल का फूल है उनको ही वोट दीजिए।