हरियाणा विधानसभा चुनाव: जेल से बाहर आया राम रहीम, तीन शर्तों के साथ 20 दिन की पैरोल, हरियाणा नहीं आ सकेगा
सिरसा डेरा सच्चा सौदा का मुखी राम रहीम बुधवार सुबह 6 बजे रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर आ गया है। राम रहीम को 20 दिन की पैरोल मिली है। हरियाणा विधानसभा चुनावों से ठीक पहले मिली इस पैरोल को चुनावों से जोड़ कर देखा जा रहा है। हालांकि राम रहीम इसी शर्त पर बाहर आया है कि वो किसी भी तरह की राजनीतिक गतिविधियों में शामिल नहीं हो सकता है। आपको बता दें कि पैरोल पर आने के लिए राम रहीम पर तीन शर्तें लगाई गई हैं। जिनमें पहली शर्त ये है कि वो जेल से बाहर आने के बाद हरियाणा में नहीं रहेगा। दूसरी शर्त ये है कि राम रहीम किसी भी पॉलिटिकल एक्टिविटी में शामिल नहीं होगा। और तीसरी शर्त ये रखी गई है कि राम रहीम सोशल मीडिया पर चुनाव प्रचार नहीं करेगा।
लेकिन राम रहीम के बाहर आते ही डेरे की सियासत शुरू हो गई है। जैसे ही राम रहीम को पैरोल मिली इसी खुशी में डेरे ने हरियाणा के हर ब्लॉक में नाम चर्चा रख ली है। जो आज और कल तक चलेगी। यानी 2 और तीन अक्टूबर। और हरियाणा में पांच अक्टूबर को चुनाव हैं। अब ये अंदेशा लगाया जा रहा है कि इस नाम चर्चा के दौरान ही डेरे की ओर से राम रहीम का संदेश श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जाएगा कि उन्हें किस पार्टी को सपोर्ट करना है।
हालांकि डेरा हमेशा चुनाव में किसी एक पार्टी को सपोर्ट करने से इनकार करता रहा है, लेकिन जब चुनावों के समय में ही पैरोल मिले तो फिर विरोधी सवाल क्यों ना उठाएं?
माना जाता है कि डेरे के वोटर अगर एकतरफा हुए तो उन सीटों पर इसका असर पड़ सकता है, जहां दो प्रत्याशियों या फिर खासतौर पर बीजेपी-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है।
माना जाता है कि हरियाणा की 36 सीटों पर डेरे के श्रद्धालुओं के वोट बैंक का असर है। हालांकि राम रहीम के लिए एक मुश्किल ये भी है कि उन्होंने अगर कहीं भी आचार संहिता या शर्तों का उल्लंघन किया तो उनकी पैरोल तुरंत कैंसिल कर दी जाएगी। ध्यान रहे कि हरियाणा में पांच अक्टूबर को वोटिंग है और 8 अक्टूबर को रिजल्ट घोषित किया जाएगा।