हरियाणा में दर्दनाक हादसा, चलती बस में लगी आग, 8 लोग जिंदा जले, 24 से ज्यादा झुलसे
हरियाणा के नूंह के तावडू में भयानक हादसा हुआ है। तावड़ू उपमंडल की सीमा से लगते कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार की दरमियानी रात को श्रद्धालुओं से भरी बस में अचानक आग लग गई। इस आग की वजह से बस में सवार 8 श्रद्धालुओं की जिंदा जलने की वजह से मौत हो गई। वहीं 24 से ज्यादा श्रद्धालु आग में झुलस गए हैं। जिनकों अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। ये सभी श्रद्धालु पंजाब और चंडीगढ़ के निवासी बताए जा रहे हैं। जो मथुरा और वृंदावन दर्शन कर लौट रहे थे। वहीं हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जब बस में आग की लपटें उठने लगीं तो स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर भी आग बुझाने का प्रयास किया और साथ ही फायर ब्रिगेड को भी इसकी सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक 8 लोग अपनी जान गंवा चुके थे। हालांकि घायलों को अस्पतालों में पहुंचाया गया।

बस में सवार श्रद्धालु जो बात करने की हालत में थे उन्होंने बताया कि वो बीते शुक्रवार को एक टूरिस्ट बस में जो उन्होंने किराए पर की थी बनारस और मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए निकले थे। बस में 60 लोग सवार थे जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। सभी आपस में नजदीकी रिश्तेदार थे, जो पंजाब के लुधियाना, होशियारपुर और चंडीगढ़ के रहने वाले थे। शुक्रवार की रात वे वृंदावन से वापस लौट रहे थे कि रात डेढ़ बजे के करीब बस में आग की लपटें दिखाई दीं। बात कर रही श्रद्धालु ने बताया कि वो बस की आगे वाली सीट पर बैठी हुई थी इस वजह से स्थानीय लोगों की मदद से वो बस से बाहर आ पाईं।

वहीं मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि देर रात करीब डेढ़ बजे उन्हें चलती बस में आग की लपटें दिखाई दीं। उन्होंने आवाज लगाकर ड्राइवर को बस रोकने के लिए कहा लेकिन बस नहीं रूकी। फिर एक युवक ने बाइक पर सवार होकर बस का पीछा किया और ड्राइवर को आग लगने की सूचना दी। इसके बाद बस रूकी लेकिन तब तक बस में आग बुरी तरह से फैल चुकी थी। स्थानीय निवासियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की पूरी कोशिश की लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। ग्रामीणों ने तुरंत ही फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी।लेकिन स्थानीय लोगों का ही आरोप है कि फायर ब्रिगेड बहुत समय बाद आई। क्योंकि जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची तब तक बस में सवार लोग बुरी तरह झुलस चुके थे जिनमें से आठ की मौत हो गई।

हालांकि तावड़ू सदर थाना पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल भिजवाया। वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद SP नरेंद्र बिजारणिया भी मौके पर पहुंचे और हादसे की पूरी जानकारी ली। एसपी ने बताया कि हादसे में 8 लोगों की मौत हुई है। और 24 से ज्यादा लोग घायल हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद तावड़ू एसडीएम संजीव कुमार, तावड़ू सदर थाना प्रभारी, जितेंद्र कुमार और डीएसपी भी मौके पर पहुंचे। दूसरी ओर हादसे की वजह से सड़क मार्ग पर जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतारें लगने पर पुलिस ने जाम भी खुलवाया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। बहरहाल मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। लेकिन ये जरूर बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी श्रद्धालु आपस में रिश्तेदार ही थे।