स्वाति मालीवाल ने FIR दर्ज करवाई, बोलीं-मुझे सात-आठ बार थप्पड़ मारे, छाती, पेट और शरीर के निचले हिस्सों पर लात मारी

स्वाति मालीवाल ने FIR दर्ज करवाई, बोलीं-मुझे सात-आठ बार थप्पड़ मारे, छाती, पेट और शरीर के निचले हिस्सों पर लात मारी

आम आदमी पार्टी की सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट मामले में दर्ज हुई एफआईआर में स्वाति ने बिभव कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। स्वाति मालीवाल ने कुछ दिन पहले आरोप लगाए थे कि उनके साथ दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर सीएम के सहयोगी बिभव कुमार ने मारपीट और बदसलूकी की थी। अब इस मामले में शुक्रवार को पुलिस ने स्वाति मालीवाल के मजिस्ट्रेट के सामने अपने बयान कलमबद्ध करवाए हैं। स्वाति मालीवाल ने अपनी एफआईआर में कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

आपको बताते हैं कि आखिर स्वाति मालीवाल ने अपनी एफआईआर में क्या-क्या कहा है। दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार ने स्वाति मालीवाल को कई बार लात और करीब सात-आठ थप्पड़ मारे। स्वाति जब मदद के लिए चिल्लाने लगीं तब भी बिभव कुमार नहीं रुके। स्वाति ने बताया कि वो लगातार मदद के लिए चिल्ला रही थीं लेकिन बिभव नहीं रूका। स्वाति ने अपनी एफआईआर में आरोप लगाया कि बिभव ने उनकी छाती, पेट और शरीर के निचले हिस्सों पर लात से हमला किया। स्वाति मालीवाल की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को FIR दर्ज की थी, इस FIR में दिल्ली पुलिस ने बिभव कुमार को आरोपी बनाया था।

बिभव कुमार के बारे में हम आपको बता दें कि वो सीएम अरविंद केजरीवाल के सहयोगी या फिर यूं कहें कि उनके पर्सनल असिसटेंट हैं। अब इस मुद्दे पर बीजेपी ने भी आम आदमी पार्टी को घेरना शुरू कर दिया है। केंद्रीय वित् मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि राज्यसभा की एक सांसद के साथ केजरीवाल के करीबी ने बदसलूकी की। बावजूद इसके दिल्ली के मुख्यमंत्री अब तक चुप हैं। निर्मला सीतारमण ने कहा कि केजरीवाल को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए थी। लेकिन बिभव कुमार उनके साथ लखनऊ में घूम रहे थे।

बहरहाल बिभव कुमार फरार चल रहा है। बताया जा रहा है कि बिभव की लोकेशन पंजाब में कहीं दिखाई दे रही है।