IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 4 विकेट से हराया, बुमराह-चक्रवर्ती की मेहनत बेअसर
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टी20 मैच में भारत को 4 विकेट से हराकर सीरीज में बराबरी कर ली। भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने पूरी कोशिश की, लेकिन टीम इंडिया 125 रन के छोटे लक्ष्य की रक्षा नहीं कर सकी। कंगारू टीम ने यह लक्ष्य 40 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया।
126 रन के टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत शानदार रही। ट्रेविस हेड (28 रन, 15 गेंद) और कप्तान मिचेल मार्श (46 रन, 26 गेंद) ने पावरप्ले में ही भारतीय गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। मार्श ने अपनी ताबड़तोड़ पारी में 2 चौके और 4 छक्के लगाए। भारतीय गेंदबाजों में बुमराह ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट, जबकि चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट लिए। कुलदीप यादव को भी दो सफलता मिली, लेकिन वे काफी महंगे साबित हुए।
इससे पहले भारत की पारी में सिर्फ अभिषेक शर्मा (68 रन) और हर्षित राणा (35 रन) ही टिक सके। बाकी बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाए। हर्षित राणा ने बल्ले से तो योगदान दिया, लेकिन गेंदबाजी में 2 ओवर में 27 रन लुटा दिए। गौरतलब है कि पांच साल बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपने घरेलू मैदान पर भारत को टी20 में हराया है। पिछली बार दिसंबर 2020 में सिडनी में कंगारू टीम ने भारत को मात दी थी। यह भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में ऑस्ट्रेलिया की 12वीं जीत है।