KBC में दिलजीत दोसांझ ने जीते ₹50 लाख, बाढ़ पीड़ितों को रकम की दान
पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति (KBC)’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए ₹50 लाख जीते। 31 अक्टूबर की रात प्रसारित एपिसोड में दिलजीत ने 14 सवालों के सही जवाब दिए और पहले 10 सवालों में कोई लाइफलाइन इस्तेमाल नहीं की।
अमिताभ बच्चन ने मज़ाक में कहा कि अगर वे पांच सवालों के सही जवाब दे देंगे तो उनकी लाइफलाइन वापस मिल जाएगी। इस पर दिलजीत ने हंसते हुए कहा, “अभी तो मैंने कोई लाइफलाइन यूज ही नहीं की।”
वे केवल दूरदर्शन और एलोरा के मंदिर से जुड़े सवालों पर थोड़े अटके और वहीं लाइफलाइन का इस्तेमाल किया। दिलजीत ने जीती हुई राशि को ‘ह ग्लोबल सिख संस्था’ के ज़रिए पंजाब के बाढ़ पीड़ितों को दान कर दिया। उन्होंने कहा कि वे और रकम जीतना चाहते थे, लेकिन टाइम आउट होने से खेल समाप्त हो गया।
KBC के मंच पर आते ही दर्शकों ने तालियों से उनका स्वागत किया। अमिताभ बच्चन ने उन्हें “पंजाब दा पुत्तर” कहकर अभिवादन किया और बताया कि उनकी मां भी पंजाब की सोढी फैमिली से थीं। उन्होंने अपने माता-पिता हरिवंश राय बच्चन और तेज कौर के मिलन की कहानी भी साझा की। दिलजीत, जो जालंधर के पास दोसांझा गांव के रहने वाले हैं, का असली नाम दलजीत सिंह दोसांझ है।अमिताभ ने उनकी तारीफ करते हुए कहा, “मुझे नहीं मालूम था कि आप सिंगर होने के साथ इतने बुद्धिमान भी हैं।”