हरियाणा विधानसभा चुनाव: PM मोदी ने पलवल में की अपनी आखिरी चुनावी रैली, कांग्रेस पर किए तीखे वार, बोले-कांग्रेस को ठगी की लत...दलित विरोधी पार्टी
हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों के लिए 5 अक्टूबर को मतदान होना है। 8 अक्टूबर को रिजल्ट है। ऐसे में सभी पार्टियां जोरो-शोरों से प्रचार में जुटी हैं। इसी कड़ी में पीएम मोदी ने भी प्रदेश में अपनी आखिरी रैली की। पीएम मोदी की ये रैली पलवल में थी। पलवल ब्रजभूमि के तहत आता है। तो पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत जय श्रीराधे और जयश्रीकृष्णा से की। उन्होंने कहा कि मैंने हरियाणा की जमीनी राजनीति को देखा है। पिछले दिनों मैंने हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में रैलियां की हैं। हर जगह एक ही नारा गूंज रहा है। भरोसा दिल से, भाजपा फिर से।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस का फॉर्मूला है कि ना काम करो ना दूसरों को करने दो। कांग्रेस की राजनीति सिर्फ झूठे वादों तक सीमित रहती है लेकिन बीजेपी की राजनीति मेहनत करना और काम करके दिखाना है। हम मेहनत पर ध्यान केंद्रित करते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस को लगता था कि 10 साल हो गए हैं तो यहां हमारी सरकार बनेगी। लेकिन मध्य प्रदेश में जनता ने उन्हें दिन में तारे दिखा दिए। कांग्रेस आपके पड़ोस राजस्थान में भी किसानों और युवाओं को भड़काने की कोशिश की थी। लेकिन क्या हुआ कांग्रेस धड़ाम हो गई। अब हरियाणा में भी यही होने जा रहा है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के अंदर जो कलह मची है उसे लोग देख रहे हैं। कांग्रेस से सबसे अधिक नाराज तो दलित, पिछड़ा और वंचित समाज है। और दलित समाज ने भी ठान लिया है कि बापू-बेटे की राजनीति को चमकाने के लिए दलित मोहरा नहीं बनेंगे।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस में भ्रष्टाचार का ये हाल था कि एक रुपया अगर दिल्ली से निकलता था तो गरीब के घर तक 15 पैसे ही पहुंचते थे।उन्होंने कहा कि देश पूछ रहा है कि आखिर वो कौन सा पंजा था जो एक रुपये को घिस-घिस कर 15 पैसे बना देता था।
पीएम मोदी बोले-कांग्रेस उलझाने में एक्सपर्ट है। इन्होंने अयोध्या में राम मंदिर नहीं बनने दिया। जम्मू-कश्मीर में संविधान पूरी तरह लागू नहीं होने दिया। मुस्लिम बहनों को तीन तलाक की समस्या में उलझाए रखा। कांग्रेस ने देशवासियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया। बल्कि अपने परिवार को स्थापित करने में पूरी की पूरी शक्ति लगा दी।
पीएम मोदी ने कहा कि आज मैं पूरे देश के सामने, पूरे हरियाणा के सामने एक सवाल रख रहा हूं, आखिर ऐसा क्या है कि कांग्रेस इतना ग़लत कर रही है। फिर भी सरकार बनाने के सपने देखते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि मैं आपको बताता हूं कि आखिरकार इनको सपने देखने की हिम्मत कहां से आती है। दरअसल, बीजेपी के समर्थक देशभक्ति से भरे हुए लोग हैं। उनको भ्रमित करना, तोड़ना, इनके दिमाग में कुछ ना कुछ चलता रहा है। बंद कमरों में इनके नेता यही कहते हैं कि कभी जात-पात के नाम पर, एक समाज को दूसरे से लड़ाकर कांग्रेस देशभक्ति को ही चूर-चूर करना चाहती है।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को लगता है कि देश के लोगों में एकता की भावना जितनी मजबूत होगी कांग्रेस जीत से उतनी ही दूर हो जाएगी। इसलिए कांग्रेस देशभक्ति को तोड़ने के लिए नए प्रयोग कर रही है।
लोकसभा चुनाव के दौरान उसने यही झूठ के प्रयोग किए थे। महात्मा गांधी सत्य का प्रयोग करते थे ये झूठ के प्रयोग करते हैं। हरियाणा में कांग्रेस इसका विस्तार कर रही है।
कांग्रेस पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वो सोचते हैं कि बंटेंगे लड़ेंगे वो लोग जो भारत से प्रेम करते हैं। हमें कांग्रेस की इस सोच और साजिश को कभी भी सफल नहीं होने देना है। इसलिए पूरे हरियाणा को संकल्प लेना है। जो लोक भारत को प्रेम करते हैं, वे सब के सब एकजुट रहेंगे।
दलित और पिछड़ों के आरक्षण के मुद्दे पर कहा कि कांग्रेस का सिर्फ और सिर्फ एक ही एजेंडा है वोट के लिए तुष्टिकरण । ज्यादा से ज्यादा तुष्टिकरण। आप देखिए कांग्रेस आज क्या कर रही है। कांग्रेस कहती है कि वो दलितों, पिछड़ों का आरक्षण खत्म कर देगी। कर्नाटक में इन्होंने यही किया है, जैसे ही वहां इनकी सरकार बनी इन्होंने दलितों-पिछड़ों का आरक्षण छीन लिया। कांग्रेस ने इनका आरक्षण धर्म के आधार पर बांट दिया। स्कूल-कॉलेजों को माइनॉरिटी संस्थान घोषित कर दिया जो पहले नहीं थे।
उन्होंने कहा कि साथियों जब तक मोदी है एससी-ओबीसी आरक्षण का हक कोई नहीं छीन सकता। ये लोग दिन-रात मुझे गालियां देते हैं। मेरे सीएम को भी गालियां देते हैं। हमारा और कोई गुनाह नहीं है, हमारा गुनाह यही है कि हम अति पिछड़ी मां की कोश से पैदा हुए हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि मोदी के लिए फौज की प्राथमिकता सबसे बड़ी है। फौज का सम्मान सबसे बड़ा है। कांग्रेस से हम इसकी कोई उम्मीद नहीं कर सकते। कांग्रेस की कथनी और करनी में हमेशा फर्क रहा है। पड़ोस में हिमाचल प्रदेश है वहां हिमाचल की बहनों और युवाओं को धोखा दिया है। हिमाचल कभी कांग्रेस को माफ नहीं करेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने वहां चुनाव जीतने के लिए कहा था हर महीने बहुत सारे पैसे देंगे। आज दो साल हो चुके हैं उन्हें कुछ नहीं मिला। पहली कैबिनेट में लाखों नौकरियों में मुहर लगाने का वादा किया था। हिमाचल के कर्मचारियों को सपने दिखाए, आज उनको सैलरी समय पर नहीं मिल रही है। कांग्रेस के लोगों को हिमाचल से माफी मांगनी चाहिए, लेकिन इन्हें ठगी की लत लगी है। अब हरियाणा के लोगों को भी ठगी की लगत के कारण झूठे वादे बेच रहे हैं।