बागियों पर हरियाणा कांग्रेस की कार्रवाई, पहले चित्रा सरवारा अब इस नेता को दिखाया बाहर का रास्ता...

बागियों पर हरियाणा कांग्रेस की कार्रवाई, पहले चित्रा सरवारा अब इस नेता को दिखाया बाहर का रास्ता...

हरियाणा में कांग्रेस पार्टी बागियों पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है। इसके चलते पार्टी झज्जर जिले की बहादुरगढ़ विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनावी मैदान में उतरे राजेश जून पर कार्रवाई की है। पार्टी ने राजेश जून को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए जाने के चलते 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। राजेश जून बहादुरगढ़ से कांग्रेस की टिकट मांग रहे थे लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला। कांग्रेस ने टिकट राजेंद्र सिंह जून को दिया।

जिस वजह से राजेश जून नाराज हो गए और फिर निर्दलीय चुनावी मैदान में उतर गए। अब इसी के चलते कांग्रेस ने उनको पार्टी से निष्कासित कर दिया है। आपको बता दें कि राजेश जून दूसरे ऐसे नेता हैं जिस पर पार्टी ने इस तरह की कार्रवाई की है।

इससे पहले अंबाला कैंट से निर्दलीय चुनावी मैदान में उतरीं चित्रा सरवारा पर भी पार्टी ने इसी तरह की कार्रवाई की है। चित्रा सरवारा अंबाला कैंट से टिकट चाह रही थीं, लेकिन उन्हें पार्टी ने टिकट नहीं दिया, बल्कि यहां से टिकट मिला परविंदर परी को। इसी से नाराज होकर कांग्रेस ने चित्रा सरवारा को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।

आपको ये भी बता दें कि चित्रा सरवारा पूर्व मंत्री और अंबाला सिटी से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार निर्मल सिंह की बेटी हैं। बेटी के निर्दलीय चुनाव लड़ने पर पिता निर्मल सिंह पहले ही कह चुके हैं कि उनकी बेटी शादीशुदा है। यह उसका खुद का फैसला है। वह जो चाहे कर सकती है। यहां आपको बता दें कि खुद चित्रा सरवारा ने कांग्रेस छोड़ने जैसा कोई बयान नहीं दिया था। चित्रा भ्रष्टाचार दूर करने जैसे मुद्दे पर वोट मांग रही हैं। अंबाला कैंट में उनका मुकाबला बीजेपी के दिग्गज नेता और पूर्व गृहमंत्री अनिल विज से है।