हरियाणा के 11 मंत्रियों को कोठियां अलॉट फिर विज क्यों छूटे ?, कृष्ण बेदी भी वेटिंग लिस्ट में, ये है असल वजह

हरियाणा के 11 मंत्रियों को कोठियां अलॉट फिर विज क्यों छूटे ?, कृष्ण बेदी भी वेटिंग लिस्ट में, ये है असल वजह

नायब सैनी सरकार ने अपने 11 मंत्रियों को कोठियां अलॉट कर दिए हैं। लेकिन नायब मंत्रीमंडल के सीनियर मंत्री अनिल विज को अभी बंगला अलॉट नहीं हुआ है। और ना ही मंत्री कृष्ण बेदी को बंगला मिला है।

विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण और कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा पड़ोसी बन गए हैं। इन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर 2 में 48 और 49 नंबर की कोठियां आबंटित हुई हैं। स्पीकर हरविंदर कल्याण को वही कोठी अलॉट हुई है जो पहले पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के पास थी।

वहीं कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी, रणबीर गंगवा और गौरव गौतम सेक्टर सात में कोठियां अलॉट हुई हैं। ये तीनों कैबिनेट मंत्री एक दूसरे के पड़ोसी हैं। श्रुति चौधरी को 72 नंबर कोठी, रणबीर गंगवा को 73 नंबर और गौरव गौतम को 75 नंबर कोठी मिली है। वहीं कैबिनेट मंत्री आरती राव इसी सेक्टर की कोठी नंबर 82 में रहेंगी।

वहीं हरियाणा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्ढा का आवास सीएम आवास से सबसे ज्यादा दूर है। हरियाणा के मुख्यमंत्री साहब का आवास चंडीगढ़ के सेक्टर एक में स्थित है। वहीं इनके ज्यादातर मंत्रियों और विधायकों के आवास सेक्टर दो में हैं। लेकिन कृष्ण मिड्ढा को सेक्टर 16 स्थित सरकारी आवास अलॉट हुआ है। ऐसे में डिप्टी स्पीकर साहब सीएम हाउस से ज्यादा दूर हैं।

बात करते हैं कि आखिर कैबिनेट मंत्री अनिल विज साहब को अब तक कोठी अलॉट क्यों नहीं हुई है?

दरअसल विज साहब अबकी सातवीं बार विधायक बने हैं। और इससे पहले उन्होंने एक बार भी चंडीगढ़ में सरकारी आवास नहीं लिया है। इस बार विज चाहते थे कि कोठी नंबर 32 उनको अलॉट की जाए। क्योंकि अब तक ये कोठी सत्ताधारी पार्टी के सबसे सीनियर विधायक या मंत्री को ही अलॉट होती रही है। ऐसे में अबकी बार अनिल विज इस कोठी को चाह रहे थे क्योंकि मौजूदा समय में वो सबसे सीनियर हैं। सूत्रों का कहना है कि इस बार विज साहब परिवार के आग्रह पर सरकारी आवास लेने के इच्छा जता रहे थे, लेकिन क्योंकि उन्होंने अब तक एक बार भी आवास नहीं लिया है, इस के चलते सचिवालय प्रशासन की ओर से संबंधित विभाग को इस बारे में कोई सूचना नहीं दी गई। यही कारण है कि उन्हें आवास आवंटित नहीं किया जा सका। और जो कोठी विज साहब चाह रहे थे वो 32 नंबर कोठी इस बार कृष्ण लाल पंवार को आवंटित हो गई। इससे पहले ये कोठी पूर्व मंत्री रणजीत सिंह को अलॉट थी।

वहीं पिछली बार स्पीकर रहे ज्ञानचंद गुप्ता के सरकारी आवास में अबकी बार महिपाल ढांडा शिफ्ट होंगे। कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारी लाल के आवास में रहेंगे।