करनाल में अमित शाह का कांग्रेस पर बड़ा हमला, ‘कांग्रेस ने कभी देश और प्रदेश को आगे नहीं बढ़ने दिया’

करनाल में अमित शाह का कांग्रेस पर बड़ा हमला, ‘कांग्रेस ने कभी देश और प्रदेश को आगे नहीं बढ़ने दिया’

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हरियाणा में चुनावी रैलियां कर रहे हैं । इसी के तहत अमित शाह करनाल पहुंचे जहां उन्होंने मनोहर लाल के पक्ष में प्रचार किया। रैली को संबोधित किया और जनसभा में लोगों से हरियाणा की सभी 10 की 10 लोकसभा और करनाल विधानसभा की एक सीट जिताने का आह्वान किया। इस दौरान अमित शाह ने कांग्रेस पर तीखा सियासी वार किया। उन्होंने हरियाणा में हुड्डा पिता-पुत्र की जोड़ी और केंद्र में गांधी मां-बेटे की जोड़ी पर निशाना साधा।अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने कभी देश और प्रदेश को आगे नहीं बढ़ने दिया। भारत की अर्थव्यवस्था की मौजूदा स्थिति की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि ये मोदी सरकार ही है जिसने देश को अर्थव्यवस्था के मामले में 11वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंचा दिया है। अमित शाह ने कहा कि अगर आप तीसरी बार सरकार लाएंगे तो देश को बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में देखेंगे ।उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी को आपने दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया और जनवरी में ही आपको राम मंदिर मिल गया।

राहुल गांधी पर सियासी वार करते हुए उन्होंने कहा कि मैं आज राहुल बाबा को ये कहना चाहता हूं कि आप कान खोलकर सुन लो, पाक अधिकृत कश्मीर भारत का है और रहेगा, हम इसको लेकर रहेंगे। जनता से पूछते हुए उन्होंने कहा कि ये बताइए कि कश्मीर हमारा है या नहीं, आपकी आवाज खड़गे तक जानी चाहिए। अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर वार करते हुए कहा कि खड़गे साहब आप 80 के हो गए, लेकिन आप ये नहीं जान पाए कि हरियाणा के लोग देश के लिए मरते हैं। आज मैं आया हूं तो हमारे उम्मीदवार मनोहर लाल के लिए आशीर्वाद मांगने आया हूं। अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के बारे में कहा कि उन्होंने पूरे हरियाणा में नौकरी बेचने का काम बंद किया।

अमित शाह ने INDIA गठबंधन पर भी तीखा सियासी हमला किया। उन्होंने कहा कि एक तरफ मोदी जी हैं और दूसरी तरफ गठबंधन। मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं लेकिन घमंडिया गठबंधन में कौन प्रधानमंत्री बनेगा। अमित शाह ने जनता से पूछते हुए कहा कि शरद पंवार, ममता बनर्जी या स्टालिन पीएम बन सकते हैं क्या ? राहुल गांधी के बारे में पूछते हुए उन्होंने कहा, अब हंसना मत राहुल गांधी क्या प्रधानमंत्री बन सकते हैं क्या ? अमित शाह ने कहा कि एक पत्रकार ने उनसे पूछा था कि आपके यहां कौन प्रधानमंत्री बनेगा तो बताया गया कि बारी-बारी से पांच साल तक गठबंधन के प्रधानमंत्री बनेंगे। अमित शाह ने कहा कि देश को ऐसा पीएम चाहिए जो भारत को नंबर वन बनाए।

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हरियाणा वालों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी पूरा अधिकार रखते हैं। जब वो गुजरात में थे तो वहां भी हरियाणा-हरियाणा करते थे, जब दिल्ली आए तब भी हरियाणा की चिंता करते रहे। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तो हरियाणा को 41 हजार करोड़ रुपए मिला था। लेकिन मोदी सरकार ने 2 लाख 70 हजार करोड़ रुपये दिए हैं। हरियाणा में कई नई परियोजनाएं आई हैं। करनाल के बारे में उन्होंने कहा कि करनाल को स्मार्ट सिटी बना दिया है। एक बार हरियाणा का नेतृत्व करने वाले मनोहर जी को संसद भेजो, विकास के रास्ते और मजबूत होंगे। इन्होंने 10 साल तक हरियामा में सीएम रहते सेवा की है। अब ये दिल्ली में अपनी सेवाएं देंगे।

अमित शाह ने भी हरियाणा के किसान, जवान और खिलाड़ियों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश की भूख मिटाने वाले कुछ राज्यों में से एक है । इसमें हरियाणा के किसानों का योगदान है। देश के बॉर्डर पर हरियाणा के जवान तैनात हैं तो हम चैन की नींद सो रहे हैं। चाहे कोई भी खेल हो, मेरे हरियाणा के धाकड़ खिलाड़ी नंबर वन पर हैं।