छत्तीसगढ़ में बोले भगवंत मान, इस बार झाड़ू पर बटन दबाएं हम छत्तीसगढ़ की राजनीतिक गंदगी को साफ करेंगे

छत्तीसगढ़ में बोले भगवंत मान, इस बार झाड़ू पर बटन दबाएं हम छत्तीसगढ़ की राजनीतिक गंदगी को साफ करेंगे

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया। दोनों नेताओं ने मस्तूरी और कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में आप उम्मीदवार के साथ विभिन्न जगहों पर रोड शो किया और लोगों से आम आदमी पार्टी को वोट देने की अपील की।

रोड शो के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने कहा कि केजरीवाल जहां भी जाते हैं वहां भाजपा साफ हो जाती है इसलिए भाजपा सरकार उन्हें जेल में डालना चाह रही है। लेकिन भाजपा की धमकी से हम डरने वाले लोग नहीं हैं। हम आंदोलन से निकले हुए लोग हैं। हम जेल जाने से नहीं डरते।

मान ने कहा कि भाजपा केजरीवाल को तो गिरफ्तार करवा सकती है, लेकिन उन्होंने देश भर में जो लाखों केजरीवाल 10 साल में पैदा कर दिए, उन्हें कैसे गिरफ्तार करोगे!

मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी आम लोगों की पार्टी है। यहां आम लोगों को विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री बनने का मौका मिलता है। वहीं दूसरी पार्टियों में बड़े नेताओं के रिश्तेदारों को ही टिकट मिलता है।

उन्होंने कहा कि हम नियत के साफ लोग हैं। हम राजनीति में पैसे कमाने नहीं आए हैं। जबकि वे लोग सत्ता में सिर्फ पैसा कमाने आते हैं। मगर आम आदमी पार्टी की प्राथमिकता सिर्फ जनसेवा है। हम यहां पैसा कमाने नहीं जनता को सशक्त बनाने आए हैं। पंजाब में हमें सिर्फ डेढ़ साल हुए हैं और इन डेढ़ सालों में हमने इतना काम कर दिया जो पिछली सरकारें कई सालों में नहीं कर पाई।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियां जानबूझकर हमें गरीब रखती है और हमारे बच्चों को पढ़ने नहीं देती। इन्हें पता है कि अगर केजरीवाल आ गया तो गरीबों के बच्चों को पढ़ा देगा। गरीबों के बच्चे पढ़ लिख कर बड़े-बड़े अफसर बन जाएंगे तो उनके घरों की गरीबी खत्म हो जाएगी। अगर गरीबी खत्म हो गई तो नेताओं के घर के बाहर फिर अर्जियां लेकर लाइन में कौन लगेगा!