चंडीगढ़ में साइबर सेल ने 1900 से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट्स किए बंद, गैंगस्टर्स और गन कल्चर का कर रहे थे प्रचार

चंडीगढ़ में साइबर सेल ने 1900 से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट्स किए बंद, गैंगस्टर्स और गन कल्चर का कर रहे थे प्रचार

चंडीगढ़ में गैंगस्टर्स और गन कल्चर को प्रमोट करने वाले या कहें कि उनका प्रचार करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स पर बड़ी कार्रवाई हुई है। चंडीगढ़ साइबर सेल ने ऐसे चंडीगढ़ के ऐसे 1900 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को बंद कर दिया है। साइबर सेल का कहना है कि ये अकाउंट्स अपराधों का महिमामंडल कर युवा पीढ़ी को गलत दिशा की ओर प्रेरित करने का काम कर रहे थे। और साइबर सेल के इस कदम का मकसद चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते गैंगस्टर प्रभाव को कम करना और अपराध पर लगाम लगाना है।

आपको बता दें कि चंडीगढ़ में हाल के वर्षों में गैंगस्टरों की संलिप्तता वाले कई गंभीर अपराध सामने आए हैं। इनमें सोनू शाह और बाउंसर सुरजीत की हत्या जैसी घटनाएं शामिल हैं, जिन्हें गैंगस्टरों ने अंजाम दिया और फिर सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी भी ली। इसी को देखते हुए अब चंडीगढ़ पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए सोशल मीडिया पर इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इस तरह का कदम उठाया है।

सोशल मीडिया का यूज जिस तरह से आमजन पॉपुलर होने के लिए या फिर अपनी बात ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए, व्यूज लेने के लिए करते हैं उसी तरह से अपराधी सोशल मीडिया को लोगों में अपनी धाक जमाने के लिए एक नए तरीके के रूप में अपना रहे हैं। अपराधी फेसबुक, एक्स (पहले ट्विटर), इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म का उपयोग अपनी धमक फैलाने के लिए धड़ल्ले से कर रहे हैं। इतना ही नहीं कुछ अपराधी अपराध करने के बाद सोशल मीडिया पर अपने धमकी भरे वीडियो और तस्वीरें पोस्ट कर समाज में डर पैदा करने की कोशिश करते थे। और इसी डर के जरिए वसूली और अन्य अपराधों को अंजाम दिया जा रहा था। साइबर सेल की इस कार्रवाई के जरिए ऐसे अपराधों को रोकने काम किया जा रहा है।

इन सोशल मीडिया अकाउंट्स पर इस तरह की कार्रवाई करने में चंडीगढ़ के साइबर ऑपरेशंस एंड सिक्योरिटी सेंटर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आपको बता दें कि ये केंद्र साइबर अपराधियों और गैंगस्टरों की डिजिटल गतिविधियों पर निगरानी रखता है और समय रहते उन्हें रोकने का काम करता है।

इस सेंटर का मकसद ना सिर्फ अपराधियों को पकड़ना है बल्कि इसके साथ-साथ सरकारी डिजिटल सिस्टम की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।

आपको बता दें कि पंजाब और चंडीगढ़ में गैंगस्टर सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को अपराध और नशे की ओर आकर्षित कर रहे हैं। ऐसे में चंडीगढ़ पुलिस ने इस खतरे को भांपते हुए कई सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई की है, जिससे कि युवाओं को गैंगस्टरों के उस मोहपाश से बचाया जा सके जो अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए वो फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।