हरियाणा में दलित महापंचायत, बोले-सैलजा के अपमान का लेंगे बदला, हुड्डा समर्थकों को हराएंगे, नारनौंद में जस्सी के प्रचार से दूर रहेंगी कुमारी सैलजा

हरियाणा में दलित महापंचायत, बोले-सैलजा के अपमान का लेंगे बदला, हुड्डा समर्थकों को हराएंगे, नारनौंद में जस्सी के प्रचार से दूर रहेंगी कुमारी सैलजा

हरियाणा के नारनौंद में दलित महापंचायत हुई। इस महापंचायत के बाद दलित महापंचायत संघ के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप भुक्कल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके समर्थकों पर दलित समाज की अगुवाई करने वाली सांसद कुमारी सैलजा का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हुड्डा और नारनौंद से कांग्रेसी उम्मीदवार जस्सी पेटवाड़ के समर्थकों ने सैलजा के बारे में सोची-समझी प्लानिंग के तहत जातिसूचक टिप्पणियां की।

कु उन्होंने कहा कि इस अपमान का बदला पूरा दलित समाज लेगा। और इसके लिए नारनौंद के साथ-साथ पूरे प्रदेश में हुड्डा समर्थक कांग्रेस उम्मीदवारों को हरवाने के लिए समाज एकजुट होकर काम करेगा।

कुलदीप भुक्कल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ये भी दावा किया कि सैलजा नारनौंद क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार जस्सी पेटवाड़ का प्रचार करने भी नहीं आएंगी।

उन्होंने आगे कहा कि हुड्डा ने उकलाना से नरेश सेलवाल को टिकट दिलवाई है जिन्हें 2019 में पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते 6 वर्ष के लिए निकाला गया था। बावजूद इसके अब उन्हें ही टिकट दी गई है।

बड़ी बात ये है कि कुलदीप भुक्कल यहीं नहीं रुके बल्कि उन्होंने ये भी कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार के राज में यानी 2005 से लेकर 2014 तक दलितों पर खूब अत्याचार हुए। उन्होंने हुड्डा सरकार में हुए मिर्चपुर कांड, गोहाना कांड, भगाणा कांड, डाबड़ा कांड और दौलतपुर कांड गिनाए। जिनमें प्रदेश में घरों और दुकानों को जलाया गया।

भुक्कल ने 2019 में सोनीपत सीट पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा के लोकसभा चुनाव हारने का कारण भी दलितों का साथ ना मिलना बताया। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों में दलितों ने कांग्रेस का साथ दिया तो कांग्रेस ने हरियाणा में 5 लोकसभा सीटें जीत लीं लेकिन उसके बाद हुड्डा समर्थक दलित समाज का प्रतिनिधित्व करने वाली कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा का अपमान कर रहे हैं।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि बंदूक और पैसों के दम पर कांग्रेस हाईकमान को हुड्डा धमका रह हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि दलित महापंचायत के सदस्य हर जिले में पांच-पांच मेंबरों की कमेटी बनाकर गांव-गांव जाकर कांग्रेस के दलित विरोधी चेहरे को बेनकाब करेंगे। हुड्डा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा ने जब देखा कि हालात हाथ से निकल रहे हैं तो अब वो ये कहने को मजबूर हैं कि कुमारी सैलजा कांग्रेस की वरिष्ठ नेता हैं और उनकी बहन के समान हैं।