हरियाणा में मंत्रियों में विभागों का बंटवारा, सीएम ने अपने पास रखे महत्वपूर्ण विभाग, पढ़िए किस मंत्री को मिला कौन सा विभाग ?
हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने मंत्रियों में विभागों का बंटवारा कर दिया है। मुख्यमंत्री ने खुद के लिए भी महत्वपूर्ण विभाग रखे हैं। अबकी बार गृह, वित्त विभाग मुख्यमंत्री ने अपने पास रखे हैं। ये बीजेपी सरकार में पहली बार ही है जब सीएम के पास गृह और वित्त दोनों विभाग हैं। मनोहर लाल जब सीएम थे तब उनके पास गृह विभाग नहीं था बल्कि अनिल विज के पास गृह विभाग था। लेकिन मुख्यमंत्री सैनी के पास गृह, वित्त, आबकारी एवं कराधान, योजना, नगर एवं ग्राम नियोजन और शहरी संपदा, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति, न्याय प्रशासन, सामान्य प्रशासन, सभी के लिए आवास, आपराधिक जांच (सीआईडी), कार्मिक एवं प्रशिक्षण और कानून एवं विधायी विभाग रहेंगे।
इसके बाद मंत्री अनिल विज के पास ऊर्जा, परिवहन और लेबर विभाग रहेगा।
श्रुति चौधरी को महिला एवं बाल विकास और सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग दिया गया है।
वहीं आरती राव को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी मिली है। राव नरबीर को उद्योग और पर्यावरण विभाग, अरविंद शर्मा को जेल विभाग सौंपा गया है।

इसके अलावा कृष्ण लाल पंवार को विकास एवं पंचायत विभाग के साथ खान और भूविज्ञान विभाग दिया गया है।
महिपाल ढांडा को स्कूली शिक्षा, उच्च शिक्षा और संसदीय कार्य मंत्रालय सौंपा गया है।
मंत्री विपुल गोयल को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय और सिविल एविएशन विभाग सौंपा गया है।
मंत्री श्याम सिंह राणा को कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन और डेयरी विभाग के साथ मत्स्य विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
मंत्री रणबीर गंगवा को सार्वजनिक स्वास्थ्य इंजीनियरिंग विभाग और लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आपको बता दें कि 17 अक्टूबर को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने 13 मंत्रियों के साथ पंचकूला में भव्य आयोजन में शपथ ग्रहण की थी। इस मौके पर पीएम मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहे थे।