करनाल से पूर्व उप महापौर मनोज वधवा ने छोड़ी भाजपा

करनाल से पूर्व उप महापौर मनोज वधवा ने छोड़ी भाजपा

करनाल नगर निगम में उप महापौर रहे मनोज वधवा ने भाजपा छोड़ दी है। पार्टी छोड़ने का कारण उन्होंने निजी बताया है लेकिन सूत्र बताते हैं कि वह पार्टी द्वारा लंबे समय से असंतुष्ट थे।शहर निवासी मनोज वधवा वर्ष 2013 से 2018 तक नगर निगम में डिप्टी मेयर रहे।

उस समय वह इनेलो में थे। इसके बाद उनकी पत्नी आशा मनोज वधवा ने मेयर का चुनाव भी लड़ा था लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी। फिर उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। करीब साढ़े चार साल तक भाजपा में ही रहे लेकिन पार्टी की गतिविधियों में उनकी सक्रियता को चमक नहीं मिल सकी।

भाजपा में शामिल होने के दौरान पार्टी में उनकी अहमियत और क्षेत्र के विकास को लेकर जो वादे उनसे किए गए थे, वह कहीं पीछे छूट गए और वह भाजपा में रहकर भी हाशिए पर चले गए। शायद यही कारण है कि चुनाव के ऐन मौके पर उन्होंने भाजपा को अलविदा कह दिया, जबकि करनाल लोक सभा सीट से पूर्व सीएम मनोहर लाल और करनाल विधान सभा सीट से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनाव लड़ रहे हैं।