हरियाणा में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, 48.4 डिग्री तापमान के साथ रविवार रहा इस सीजन का सबसे गर्म दिन

हरियाणा में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, 48.4 डिग्री तापमान के साथ रविवार रहा इस सीजन का सबसे गर्म दिन

पूरे उत्तर भारत समेत हरियाणा इस वक्त भीषण गर्मी की चपेट में है। हालात ये हैं कि यहां अधिकतम पारा 48 डिग्री पार हो गया है, जो सामान्य से 5.1 डिग्री ज्यादा है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा का सिरसा रविवार को सबसे गर्म रहा। सिरसा में रविवार को 48.4 डिग्री रिकॉर्ड दर्ज किया गया। भयंकर गर्मी और लू के चलते लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। 


बताया जा रहा है कि पिछले 80 साल में ऐसा दो बार ही हुआ है जब तपामान इतना ज्यादा हुआ है। हरियाणा सरकार के अनुसार की वेबसाइट के अनुसार सन् 1944 में हिसार जिले में 48.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। वहीं हरियाणा के अलग राज्य बनने के बाद पहली बार 10 मई 1966 में गुड़गांव जिले में अधिकतम तापमान 49 डिग्री पहुंचा था। और अब रविवार 26 मई के दिन सिरसा में 48.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। ये सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक था। ये भी अपने आप में एक रिकॉर्ड है।


बड़ी बात ये भी है कि हरियाणा के ज्यादातर जिलों में मैक्सिमम टेंपरेचर 45 डिग्री के पार ही चल रहा है। जैसे महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री, हिसार में 47.1 डिग्री, नूंह-मेवात में 47.6 डिग्री तो वहीं चंडीगढ़ में 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा है। 


अब सवाल आता है कि आखिर इस जलती गर्मी से हमें कब राहत मिलने वाली है। तो चंडीगढ़ मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार हरियाणा और चंडीगढ़ में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति फिलहाल बनी रहेगी। मौसम विभाग ने 31 मई तक मौसम बुलेटिन जारी किया है। जिसके अनुसार 29 जून तक हरियाणा में भीषण गर्मी का दौर रहेगा जिसके चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि 30-31 मई को येलो अलर्ट रहेगा। ऐसे में भयंकर गर्मी और लू से फिलहाल आपको राहत मिलने वाली नहीं है।

आपको इस गर्मी से बचने के लिए खुद ही अपना ख्याल रखना होगा। भीषण गर्मी में घर से बाहर निकलने से आपको बचना होगा। अगर बहुत जरूरी हो तभी आप घर से बाहर निकलें, उसमें भी जब पानी अपने साथ जरूर रखें, घर से बाहर निकलते वक्त अपना सिर ढककर ही घर से बाहर निकलें।