बहादुरगढ़ में इनेलो पार्षद को मिली जान से मारने की धमकी, नफे सिंह राठी के परिवार से दूर रहने के लिए कहा
बहादुरगढ़ में इनेलो के पार्षद मोहित राठी को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी में मोहित को कहा गया है कि नफे सिंह राठी के परिवार से दूर रहे। ये धमकी सोमवार दोपहर को एक व्हाट्सएप कॉल के जरिए मोहित के फोन पर आई है। कॉल करने वाले ने अपना नाम तो नहीं बताया, लेकिन इतना जरूर कहा कि थोड़े दिनों में नतीजा दिखा देंगे।

इस धमकी भरे कॉल आने के बाद मोहित राठी ने इसकी शिकायत पुलिस में दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि अभी तक मोहित राठी को कोई सुरक्षा नहीं दी गई है। जबकि मोहित वार्ड पार्षद होने के नाते सामाजिक कार्यों में लगे रहते हैं। मोहित राठी वार्ड नंबर 13 में इनेलो की टिकट पर पार्षद चुने गए थे। नफे सिंह राठी के परिवार से उनके पारिवारिक संबंध हैं। 25 फरवरी को नफे सिंह की हत्या के बाद मोहित परिवार के साथ ढांढस बंधाने के लिए रहता था। इसी वजह से उसे अज्ञात नंबर से धमकी दी गई। आपको बता दें कि जिस नंबर से धमकी मिली है उसके आगे कंट्री कोड +92 था जो पाकिस्तान का है।
अब इस धमकी भरी कॉल के बाद मोहित राठी ने पुलिस सुरक्षा की मांग की है लेकिन कोई सुरक्षा नहीं दी गई। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस कुछ भी नहीं बोलने से बच रही है। आपको बता दें कि नफे सिंह राठी को भी इस तरह की धमकियां मिलती थी और उन्होंने भी पुलिस सुरक्षा मांगी थी लेकिन उन्हें सुरक्षा नहीं मिली थी और फिर 25 फरवरी को गोलियां मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी जिसकी जिम्मेदारी बाद में विदेश में बैठे गैंगस्टर कपिल सांगवान ने ली थी। जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।