लुधियाना में 3 बिजली कर्मचारी रिश्वत लेते गिरफ्तार: 60 हजार में अवैध कनेक्शन देने का आरोप
पंजाब के लुधियाना से बड़ी खबर सामने आई है। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के तीन आउटसोर्स कर्मचारियों को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेकर अवैध बिजली कनेक्शन देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कर्मचारियों में दो निजी लाइनमैन संदीप कुमार और गुरविंदर सिंह, तथा एक नोडल कर्मचारी संजीव बस्सी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, इन कर्मचारियों ने गुरनाम नगर इलाके में एक वर्कशॉप के पास 11 केवी की हाई-टेंशन फीडर लाइन को बिना अनुमति के शिफ्ट किया, ताकि एक कारपेंटर को अवैध बिजली कनेक्शन मिल सके। उस कारपेंटर का नाम भरत है, जिसने पहले विभाग से औद्योगिक कनेक्शन के लिए आवेदन किया था, लेकिन नियमों के चलते उसे मंजूरी नहीं मिली थी क्योंकि लाइन सीधे उसकी दुकान के ऊपर से गुजरती थी। इसके बाद आरोपियों ने भरत से संपर्क किया और ₹60,000 में “सेटिंग” करने की पेशकश की। रिश्वत लेने के बाद तीनों ने विभागीय उपकरणों का दुरुपयोग करते हुए बिजली पोल और वायरिंग में हेरफेर की, जिससे अवैध कनेक्शन दे दिया गया।
जांच अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि एसडीओ शिव कुमार की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 318(2) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने और कितने लोगों से रिश्वत ली है।