नरेंद्र मोदी आज लेंगे पीएम पद की शपथ, साथ में मंत्री भी लेंगे शपथ, मनोहर लाल को भी आया फोन...

आज शाम को नरेंद्र मोदी भारत के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करवा देंगे। क्योंकि आज़ाद भारत के इतिहास में वो पंडित जवाहर लाल नेहरू के बाद दूसरे ऐसे प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं जो लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। जोकि नरेंद्र मोदी के लिए और बीजेपी के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। राष्ट्रपति भवन में पीएम के शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
इसके साथ ही पीएम मोदी की संभावित कैबिनेट मंत्रियों को भी शपथ के लिए फोन आने शुरू हो गए हैं। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और करनाल से नवनिर्वाचित सांसद मनोहर लाल को फोन आ चुका है । जिसके बाद ये माना जा रहा है कि हरियाणा से मनोहर लाल और साथ ही राव इंद्रजीत सिंह आज मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। यहां आपको बता दें कि हरियाणा से केंद्र को दो मंत्री रखने ही होंगे क्योंकि बेशक 5 ही सीटें बीजेपी ने यहां जीती हों, लेकिन कुछ ही महीने बाद यहां विधानसभा चुनाव हैं ऐसे में पार्टी ये बिल्कुल नहीं चाहेगी कि यहां से मंत्रियों का कोटा कम किया जाए। हालांकि बात ये भी चल रही है कि फरीदाबाद से सांसद कृष्णपाल गुर्जर को भी फोन आया है। अगर वो भी शपथ लेते हैं तो फिर हरियाणा के पांच सांसदों में से तीन मंत्री पद हासिल करने वाले बन जाएंगे।
राजनाथ सिंह | बीजेपी |
नितिन गडकरी | बीजेपी |
पीयूष गोयल | बीजेपी |
ज्योतिरादित्य सिंधिया | बीजेपी |
रक्षा खडसे | बीजेपी |
जितेंद्र सिंह | बीजेपी |
शिवराज सिंह चौहान | बीजेपी |
एस जयशंकर | बीजेपी |
जी किशन रेड्डी | बीजेपी |
किरण रिजिजू | बीजेपी |
बंडी संजय कुमार | बीजेपी |
गिरिराज सिंह | बीजेपी |
हरदीप सिंह पुरी | बीजेपी |
अर्जुनराम मेघवाल | बीजेपी |
हर्ष मल्होत्रा | बीजेपी |
जितिन प्रसाद | बीजेपी |
नित्यानंद राय | बीजेपी |
शोभा करंदलाजे | बीजेपी |
अजय टम्टा | बीजेपी |
ललन सिंह | जेडीयू |
जीतनराम मांझी | HAM |
कुमारस्वामी | जेडीएस |
रामनाथ ठाकुर | जेडीयू |
चिराग पासवान | LJP (R) |
अनुप्रिया पटेल | अपना दल (एस) |
जयंत चौधरी | आरएलडी |
प्रताप राव जाधव | शिवसेना (शिंदे) |
मोहन नायडू | टीडीपी |
पी चन्द्रशेखर पेम्मासानी | टीडीपी |
राव इंद्रजीत सिंह | बीजेपी |
मनोहर लाल खट्टर | बीजेपी |
शांतुनु ठाकुर | बीजेपी |
अश्विनी वैष्णव | बीजेपी |
मनसुख मांडविया | बीजेपी |
साथ ही राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान, जयंत चौधरी, अनुप्रिया पटेल समेत कुछ और सांसदों को फोन आ चुका है जिसमें उन्हें बताया गया है कि उन्हें कैबिनेट की शपथ लेनी है।
यहां आपको चिराग पासवान, अनुप्रिया पटेल, जीतन राम मांझी के बारे बताएं तो चिराग पासवान की पार्टी ने LJPR ने बिहार में पांच सीटों पर चुनाव लड़ा था और पांचों पर ही जीत हासिल की थी। चिराग पासवान ने खुद हाजीपुर से चुनाव लड़ा और जीते। अनुप्रिया पटेल जो अपना दल (सोनेवाल) की नेता हैं। उन्होंने दो सीटों पर चुनाव लड़ा था। जिसमें से वो सिर्फ मिर्जापुर से अपनी ही सीट जीत पाई हैं।
वहीं जीतनराम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने एक सीट जीती है। जो खुद जीतनराम मांझी की सीट है, उन्होंने गया सीट से चुनाव लड़ा था और जीते । वहीं जयंत चौधरी की बात करें तो उनकी पार्टी दो सीटों पर चुनाव लड़ी और दोनों पर ही (बागपत और बिजनौर) पर उनकी पार्टी विजयी रही। बात जयंत की करें तो वो खुद राज्यसभा सांसद हैं।
लेकिन अबकी बार एनडीए सरकार में सबसे महत्वपूर्ण घटक दल हैं टीडीपी और जेडीयू, इसमें से टीडीपी की बात करें तो उनके सांसद को फोन आ चुका है। टीडीपी ने बाकायदा अपने कोटे के मंत्रियों के नाम की घोषणा भी कर दी है। टीडीपी नेता जयदेव गल्ला ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि उनकी पार्टी को मोदी 3.0 के मंत्रीमंडल में एक कैबिनेट मंत्री और एक राज्यमंत्री का बर्थ मिला है। तीन बार के सांसद राम मोहन नायडू टीडीपी कोटे से नई कैबिनेट में कैबिनेट मंत्री होंगे। वहीं पी. चंद्रशेखर पेम्मासानी राज्यमंत्री होंगे।
आपको बता दें कि नरेंद्र मोदी शपथ ग्रहण समारोह से पहले नए मंत्री परिषद के सदस्यों से अपने आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात करेंगे। वहीं राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण समारोह के लिए सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से जिस वक्त प्रधानमंत्री का शपथ ग्रहण चल रहा होगा, उस वक्त राजधानी दिल्ली और राष्ट्रपति भवन के आसपास सुरक्षा का ऐसा चक्र बना होगा जिसे कोई भी नहीं भेद पाएगा।
अगले दो दिन तक नई दिल्ली का इलाका नो फ्लाइंग जोन रहेगा। इस दौरान दिल्ली पुलिस के तीन हजार जवान, अर्धसैनिक बलों की 15 कंपनियां, NSG, SPG और इंटेलिजेंस विंग के अधिकारियों की तैनाती की गई है। शाम 5 बजे से मेहमानों का राष्ट्रपति भवन पहुंचना शुरू हो जाएगा।