गोहाना में हुई पीएम मोदी की रैली, बोले-कांग्रेस आई तो हरियाणा को कर देगी बर्बाद, कर्नाटक-हिमाचल का दिया हवाला, बोले-कांग्रेस का शाही परिवार सबसे भ्रष्ट

गोहाना में हुई पीएम मोदी की रैली, बोले-कांग्रेस आई तो हरियाणा को कर देगी बर्बाद, कर्नाटक-हिमाचल का दिया हवाला, बोले-कांग्रेस का शाही परिवार सबसे भ्रष्ट

हरियाणा विधानसभा चुनावों में प्रचार का जोर है। इसी बीच पीएम मोदी ने सोनीपत के गोहाना में रैली की। और रैली के जरिए कई मुद्दों को उठाया तो साथ ही विपक्ष पर भी खूब सियासी वार किए। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर सबसे बड़ा सियासी प्रहार करते हुए कहा कि अगर हरियाणा में कांग्रेस आ गई तो हरियाणा को बर्बाद कर देगी। पीएम मोदी ने कहा कि यहां कांग्रेस में सिर फुटौव्वल मचा हुआ है। कर्नाटक में इनके सीएम और डिप्टी सीएम लड़ रहे हैं। हिमाचल और तेलंगाना में भी यही हाल है। पीएम मोदी ने कहा कि यहां कांग्रेस को लाने का मतलब हरियाणा का विकास दांव पर लगाना है।

पीएम मोदी ने अपने भाषण के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समय की सरकार में दलितों पर हुए अन्याय के मुद्दे को भी उठाया । और बिना किसी का नाम लिए कुमारी सैलजा के साथ कांग्रेस में हो रहे व्यवहार पर भी सवाल उठाए ।

इतना ही नहीं पीएम मोदी ने कश्मीर से धारा 370 हटाने के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को शांति पसंद नहीं, इसलिए वो धारा 370 को वापस लाना चाहते हैं। कांग्रेस आतंक और अलगाववाद को हवा देना चाहती है।

हरियाणा के युवाओं और किसानों पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा के युवाओं और किसानों का भविष्य बीजेपी सरकार में ही सुरक्षित है। बीते 10 साल में यहां की सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है। पीएम ने कहा कि किसानों के फायदे के लिए विदेश से आयात होने वाले तेल पर टैक्स लगा दिया गया है।

पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा बीजेपी का संकल्प पक्की गारंटी होता है। बीजेपी जो कहती है वो करके भी दिखाती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी वायदे तेजी से जमीन पर उतरकर रहेंगे। इसलिए लगातार तीसरी बार हरियाणा में कमल खिलाना है।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल देश पर राज किया लेकिन उसे कभी देश की बेटियों की चिंता नहीं हुई। लेकिन जब मैं आया तब मैंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू किया, जिससे हरियाणा को फायदा हुआ। पहले 1000 बेटों पर 866 बेटियां थी, लेकिन अब 1000 पर 914 बेटियां हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी ने वंचित और पिछड़े समाज को हरियाणा में आगे बढ़ाया है। हमारे ओबीसी वर्ग से आने वाले नायब सैनी को बीजेपी ने मुख्यमंत्री बनाया। नायब सैनी एक किसान-मजदूर का बेटा है। इनके दरवाजे लोगों के लिए चौबीस घंटे खुले रहते हैं। कांग्रेस सरकार अस्थिरता के लिए भी जानी जाती है।

कांग्रेस और राहुल गांधी पर बिना नाम लिए निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आरक्षण का विरोध कांग्रेस के डीएनए में है। इसलिए हम देखते हैं कि कांग्रेस के शाही परिवार की चौथी पीढ़ी भी आरक्षण का विरोध कर रही है। इसलिए आपको सावधान रहना है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने दलितों, पिछड़ों, शोषितों के साथ भी धोखा किया है। इन दिनों कांग्रेस के भीतर सिर-फुटौव्वल चल रही, ये पुराने पापों का ही परिणाम है।