हिसार में पोलिंग पार्टियां आज मतदान केंद्रों पर होंगी रवाना, ज़िले में 1333 मतदान केंद्र, कल सुबह 7 बजे से वोटिंग
हरियाणा में पांच अक्टूबर को सुबह सात बजे से विधानसभा चुनावों के लिए वोटिंग शुरू हो जाएगी। चुनाव करवाने के लिए पोलिंग पार्टियां अपने-अपने पोलिंग स्टेशनों के लिए रवाना हो रही हैं। पोलिंग पार्टियों को रवाना करने से पहले उन्हें मतदान प्रक्रिया समझाई जा रही है और मतदान प्रक्रिया से जुड़े सभी नियम बताए जा रहे हैं। हिसार में भी सभी पोलिंग पार्टियां को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
सभी मतदान केंद्रों पर इलेक्शन कमीशन के निर्देश के तहत सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। कौन सी पोलिंग पार्टी किस पोलिंग बूथ पर ड्यूटी करेगी, यह तय कर दिया गया है। पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों तक ले जाने और वापस लाने के लिए जीपीएस लैस गाड़ियों की व्यवस्था की गई है।
आज रात सभी पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर ही रूकेंगी। किसी भी पोलिंग पार्टी को वहां किसी तरह की परेशानी ना हो, इसके लिए व्यवस्था की गई है।
चुनाव आयोग ने ये सुनिश्चित करने के लिए कि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाए जाएं वेबकास्टिंग के जरिए सभी मतदान केंद्रों की निगरानी का निर्णय लिया है। सभी रिटर्निंग ऑफिसर्स को इस प्रणाली के जरिए मतदान केंद्रों पर होने वाली प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा पर्याप्त संख्या में कार्मिकों की ड्यूटी भी लगाई गई है। आपको बता दें कि मतदान केंद्रों के अंदर इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स का प्रवेश वर्जित रहेगा। मॉक पोल प्रक्रिया पूरी करने के बाद सुबह 7 बजे मतदान शुरू होगा। यदि कोई मतदाता शाम 6 बजे के बाद भी कतार में है तो उसे भी मतदान करने दिया जाएगा।
आपको बता दें कि ज़िले में 13 लाख 64 हजार 170 मतदाता हैं, जिनमें 7 लाख 24 हजार 898 पुरुष और 6 लाख 39 हजार 260 महिला मतदाता हैं। कुल 1333 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 219 स्थानों पर 496 क्रिटिकल मतदान केंद्र हैं। हिसार जिले में कुल 89 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। ज़िले के संवेदनशील बूथों पर निगरानी के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।