जागरण देखने गए युवक को अगवा करके मारा

जागरण देखने गए युवक को अगवा करके मारा

कैथल के माता गेट पर रविवार की रात जागरण देखने गए युवक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले युवक का अपहरण किया और फिर सिर पर ईंटें मारकर हत्या कर दी। बाद में युवक के शव को ढांड रोड से अंबाला रोड के बीच बनी ड्रेन में गिरा दिया। इस मामले में शिकायत के आधार पर शहर थाना की पुलिस की ओर से जांच शुरू की। इसके तहत फॉरेंसिक की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। जबकि शहर थाना में ही इस युवक के अपहरण का केस शहर थाना में दर्ज किया गया था।जानकारी के अनुसार, पटेल नगर निवासी 18 साल का अंशुल रविवार रात के समय शहर के बड़ी देवी माता मंदिर में खाटू श्याम का जागरण देखने गया था। वह मंगलवार सुबह तक भी वापस नहीं लौटा। इस मृतक युवक का शव दोपहर के समय ढांड रोड से अंबाला रोड के बीच बनी कैथल ड्रेन से मिला। वहां पर एक राहगीर ने युवक के शव को देखा और पुलिस को सूचना दी थी। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे थाना शहर और थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।

इससे पहले इस मामले में मृतक के पिता राममेहर की शिकायत पर सिटी थाना में अपहरण का केस दर्ज किया गया था। शव मिलने के बाद इसमें हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है। अंशुल के पिता राममेहर ने बताया कि रविवार रात करीब सवा नौ बजे वह अपने इकलौते बेटे अंशुल के साथ बड़ी देवी माता मंदिर में खाटू श्याम के जागरण में आया था। उसने रात 11 बजकर 27 मिनट पर उसके बेटे को फोन किया तो उसने बताया था कि वह अपने दोस्त दीक्षित के साथ है और पांच मिनट में आता है।कुछ देर बाद जब उसने दोबारा फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। उसने करीब दस बार फोन किया और बाद में नंबर बंद हो गया। रात करीब 12 बजे के बाद उसके पास दीक्षित के पिता का फोन आया कि दीक्षित को चोट लगी है। वह उनके पास गया तो दीक्षित ने बताया कि दो गाड़ियों में चार से पांच युवक आए थे और वे अंशुल को उठा कर ले गए हैं। उसके साथ भी मारपीट की गई है। इसके बाद उसने सिटी थाना में अपहरण का केस दर्ज करवा दिया था। इस मामले में पुलिस दीक्षित से भी पूछताछ कर रही है। परिजनों ने मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।उधर, अंशुल के पिता राम मेहर ने ने कहा कि पुलिस को उसके दोस्तों पर हत्या का शक है तो फिर उनके खिलाफ कार्रवाई करने में देर क्यों की जा रही है। उसने गांव से अपने परिजनों को भी विरोध करने के लिए अस्पताल में बुलाया है। इस दौरान डीएसपी गुरविंद्र सिंह, शहर थाना प्रभारी बीर सिंह, सीआईए की पुलिस मौके पर पहुंचे। सभी ने परिजनों को जाम खोलने की अपील की, लेकिन परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी पर ही अड़े रहे।