हरियाणा के चार जिलों के प्राइमरी स्कूल बंद, ऑनलाइन होगी पढ़ाई, 10 और शहरों में स्कूल बंद करने की तैयारी
हरियाणा में बढ़ते प्रदूषण और धुंध के चलते सरकार ने स्कूली बच्चों के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने प्रदेश के चार जिलों के प्राइमरी स्कूलों में छुट्टी कर दी है। इन स्कूलों में पांचवीं तक के बच्चों को स्कूलों में नहीं बुलाया जाएगा। इनकी ऑनलाइन पढ़ाई होगी। गुरुग्राम, रोहतक, सोनीपत और झज्जर यह वो चार जिले हैं जिनमें प्राइमरी स्कूलों में छुट्टी की गई है।
वहीं दिल्ली के स्कूलों में पहले ही छुट्टी की जा चुकी है। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की वजह से ग्रैप-3 तक लागू हो चुका है। एनसीआर में हरियाणा के 14 शहर आते हैं। इसी के चलते हरियाणा शिक्षा विभाग ने सभी ज़िलों के डिप्टी कमिश्नरों को यह छूट दी थी कि वह प्रदूषण या धुंध की स्थिति का आकलन करके छुट्टी का फैसला ले सकते हैं।
अब जहां चार जिलों के स्कूल बंद किए हैं वहीं इसके अलावा 10 और शहर हैं जिनके स्कूल बंद किए जा सकते हैं। इनमें फरीदाबाद, नूंह, रेवाड़ी, पानीपत, पलवल, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, जींद और करनाल शामिल हैं।
बात आज सुबह की करें तो हरियाणा में सुबह-सुबह धुंध छाई रही। जिसके चलते विजिबिलिटी 30 मीटर रह गई। मौसम का ये रूप देखकर मौसम विभाग ने सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, जींद में घनी धुंध का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम कितनी तेजी से बदल रहा है इस बात का अंदाजा आप यह जानकार लगा सकते हैं कि पिछले 24 घंटे में ही रात का पारा 2.5 डिग्री तक कम हो गया है।
बहरहाल हरियाणा में 21 नवंबर तक मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है। 22 नवंबर रात्रि से एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में बदलाव की संभावना है।