राहुल गांधी कल हरियाणा में भरेंगे हुंकार, एक दिन में करेंगे तीन रैलियां, क्या बदलेगी हरियाणा की सियासी फिजा ?

राहुल गांधी कल हरियाणा में भरेंगे हुंकार, एक दिन में करेंगे तीन रैलियां, क्या बदलेगी हरियाणा की सियासी फिजा ?

हरियाणा में चुनाव प्रचार अपने चरम पर है। 25 मई के दिन प्रदेश में वोटिंग है। और ऐसे में पार्टियों ने अपना पूरा दम लगा दिया है। बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व हरियाणा में लगातार अपनी रैलियां कर रहा है। तो वहीं कांग्रेस के प्रदेश स्तर के नेता ही अब तक मैदान में डटे हुए थे ऐसे में अब राहुल गांधी कै रैलियां भी प्रदेश में होने जा रही हैं। 22 मई बुधवार के दिन राहुल गांधी हरियाणा में तीन रैलियां करने जा रहे हैं। ये रैलियां चरखी-दादरी, सोनीपत और पंचकूला में होंगी। भिवानी-महेंद्रगढ़ से इंडिया गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी राव दाव सिंह ने दावा किया है कि 22 मई के दिन दक्षिण हरियाणा के चरखी दादरी में होने वाली राहुल गांधी की रैली पीएम मोदी की 23 मई को महेंद्रगढ़ में होने वाली रैली पर भारी पड़ेगी।

वहीं बताया जा रहा है कि राहुल गांधी की रैली में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत एसआरके गुट और पार्टी के अन्य बड़े नेता भी शिरकत करेंगे। कांग्रेस को उम्मीद है कि रैली के बाद दक्षिण हरियाणा में कांग्रेस की फिजा बदल जाएगी। कांग्रेस ने राहुल गांधी की रैलियों के लिए कार्यकर्ताओं की ड्यूटी भी लगा दी है। अब राहुल गांधी पर दो-दो जिम्मेदारियां हैं एक तो जनता के मन को कांग्रेस की तरफ करना और दूसरा प्रदेश कांग्रेस में चल रही गुटबाजी को खत्म करके पूरा फोकस कांग्रेस कैंडिडेट को जिताने पर लगाने का मंत्र देना। अब इस काम में राहुल गांधी का ये हरियाणा दौरा सफल हो पाता है या नहीं ये तो चुनावी नतीजों से ही साफ हो पाएगा।

बहरहाल आपको बता दें कि अब तक हरियाणा में किसी भी पार्टी के लिए स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है। अगर बीजेपी ये सोचे कि उनके लिए कांग्रेस ने वॉकओवर दे दिया है तो ये भी ग़लत होगा। क्योंकि फिलहाल की स्थितियां नेक-टू-नेक फाइट की दिखती हैं। हालांकि कांग्रेस के लिए गुटबाजी जरूर परेशानी का सबब बना हुआ है। ऐसे में कांग्रेस को पहले घर में लड़ाई जीतने के बाद फिर बीजेपी से लड़ाई जीतनी होगी।