राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी; जानें वजह
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के हेलीकॉप्टर की सोमवार सुबह आगरा एयरपोर्ट (खेरिया एयरपोर्ट) पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उनकी लैंडिंग की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी एयरपोर्ट पहुंच गए। राजस्थान के मुख्यमंत्री करीब एक घंटे तक आगरा एयरपोर्ट पर रहे।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने आज सुबह 11.40 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से जयपुर के लिए उड़ान भरी। सुबह पूरे उत्तर भारत में कोहरे की घनी चादर फैली हुई थी। कोहरा छंटने पर पायलट ने उड़ान भरी। तब हेलीकॉप्टर आगरा एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (ATC) के अधिकार क्षेत्र में आया।
उसी समय जयपुर में घने कोहरे और खराब मौसम की खबर मिली। आगरा ATC ने खेरिया एयरपोर्ट पर हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई। एयरपोर्ट मैनेजमेंट ने स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी दी और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। कोहरा छंटने के बाद मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का हेलीकॉप्टर दोपहर 1:15 बजे आगरा से जयपुर के लिए रवाना हुआ।