लोकसभा चुनाव 2024 का दूसरा चरण: त्रिपुरा, मणिपुर में सबसे ज्यादा 76% से ज्यादा मतदान, यूपी में सबसे कम 52%वोटिंग

लोकसभा चुनाव 2024 का दूसरा चरण: त्रिपुरा, मणिपुर में सबसे ज्यादा 76% से ज्यादा मतदान, यूपी में सबसे कम 52%वोटिंग

लोकतंत्र का महापर्व चल रहा है। और आज दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 88 लोकसभा सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। जिसमें त्रिपुरा और मणिपुर के मतदाताओं ने बाजी मारी है। यहां शाम पांच बजे तक 76 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हो चुकी है। त्रिपुरा में 77.53 फीसदी वोटिंग तो वहीं मणिपुर में 76.06 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। ये भी अभी फाइनल आंकड़ा नहीं है।

हालांकि बात उत्तर प्रदेश की करें तो यहां अब तक दूसरे चरण का सबसे कम मतदान हुआ है। उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण के चुनाव में शाम पांच बजे तक सिर्फ 52.74 प्रतिशत लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में 72.13 फीसदी लोगों ने पांच बजे तक अपने मत का प्रयोग किया। पश्चिम बंगाल में भी वोटर घर से निकले और 71.84 फीसदी लोगों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लिया। असम में 70.66 फीसदी लोगों ने 5 बजे तक मतदान किया। केरल में 63.97 प्रतिशत लोग घरों से निकले और वोट डाला। तो वहीं कर्नाटक में करीब 64 फीसदी लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया। जम्मू-कश्मीर में जम्मू सीट के लिए हो रहे मतदान में 67.22 फीसदी लोगों ने मतदान किया।

मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार के वोटर्स में भी ज्यादा उत्साह नहीं दिखाई दिया। इन राज्यों में शाम पांच बजे तक वोटिंग प्रतिशत की बात करें तो मध्य प्रदेश में 54.83 फीसदी, महाराष्ट्र में 53.51 फीसदी, बिहार में 53.03 फीसदी मतदान हुआ। तो वहीं राजस्थान में 59.19 प्रतिशत मतदाता अपने मत का प्रयोग करने के लिए घरों से निकलकर पोलिंग बूथ तक पहुंचे।

आपको बता दें लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में असम की पांच, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की तीन, जम्मू और कश्मीर की एक, कर्नाटक की 14, केरल की सभी 20, मध्य प्रदेश की 6, महाराष्ट्र की 8, मणिपुर की एक राजस्थान की 13, त्रिपुरा की एक, उत्तर प्रदेश की 8 सीट और पश्चिम बंगाल की तीन सीटों पर मतदान हो रहा है। केरल में एक ही चरण में आज लोकसभा का चुनाव संपन्न हो चुका है। राजस्थान में पहले चरण में 12 सीटों पर चुनाव हो चुका है और आज 13 सीटों पर वोट पड़ने के बाद यहां भी लोकसभा चुनाव संपन्न हो जाएगा।