भारत में जल्द शुरू होगी एलन मस्क की स्टारलिंक सर्विस, मुंबई में आज और कल होगा ट्रायल डेमो
एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक भारत में अपनी सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस लॉन्च करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाने जा रही है। कंपनी आज और कल मुंबई में डेमो पेश करेगी, जिसमें यह दिखाया जाएगा कि स्टारलिंक भारत सरकार की सिक्योरिटी और टेक्निकल शर्तों का पालन कैसे करती है।
जानकारी के अनुसार, स्टारलिंक को प्रोविजनल स्पेक्ट्रम अलॉटमेंट मिला हुआ है और यह डेमो उसी पर आधारित रहेगा। इस दौरान कानूनी एजेंसियों और दूरसंचार विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। कंपनी को भारत में कमर्शियल लॉन्च से पहले सरकार की मंजूरी के लिए टेक्निकल और सिक्योरिटी डेमो देना अनिवार्य है। रिपोर्ट्स बताती हैं कि मुंबई की तय लोकेशन पर होने वाले इस डेमो में कंपनी लॉफुल इंटरसेप्शन सिस्टम और मॉनिटरिंग स्टैंडर्ड्स के पालन को प्रदर्शित करेगी। स्टारलिंक 600 Gbps की क्षमता के साथ एक लाख तक कनेक्शन देने का लक्ष्य रख रही है।
हाल ही में सामने आया था कि कंपनी मुंबई, नोएडा, चंडीगढ़, हैदराबाद, कोलकाता और लखनऊ जैसे शहरों में 9 सैटेलाइट स्टेशन स्थापित करेगी। सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि सिक्योरिटी क्लीयरेंस मिलने तक इन स्टेशनों को केवल भारतीय नागरिक ही संचालित करेंगे और ट्रायल के दौरान उत्पन्न डेटा भारत में ही सुरक्षित रूप से स्टोर किया जाएगा। इसके अलावा, स्टारलिंक को हर 15 दिन में दूरसंचार विभाग को रिपोर्ट सौंपनी होगी, जिसमें स्टेशन लोकेशन, यूजर टर्मिनल्स और नेटवर्क डेटा की विस्तृत जानकारी शामिल होगी।