इस भारतीय महिला गायिका को मिला 'ग्रैमी' पुरस्कार, जानिए कौन है ये महिला गायिका
भारतीय-अमेरिकी गायिका चंद्रिका टंडन ने एल्बम 'त्रिवेणी' के लिए 'बेस्ट न्यू एज ऑर चैंट एल्बम' श्रेणी में पुरस्कार जीता है। आपको बता दें कि पेप्सिको की पूर्व सीईओ इंद्रा नूयी की बड़ी बहन टंडन ने अपने सहयोगियों दक्षिण अफ्रीकी बांसुरी वादक वाउटर केलरमांस और जापानी सेलो वादक इरु मात्सुमोतो के साथ यह पुरस्कार जीता है।
जानकारी के अनुसार, ‘रिकॉर्डिंग अकादमी’ द्वारा आयोजित सबसे बड़े संगीत पुरस्कार समारोह का 67वां संस्करण रविवार को लॉस एंजिल्स के क्रिप्टो डॉट कॉम एरिना में आयोजित किया गया।
चेन्नई में पली-बढ़ी भारतीय गायिका चंद्रिका टंडन ने पुरस्कार जीतने के बाद रिकॉर्डिंग अकादमी को दिए साक्षात्कार में कहा, "यह एक अद्भुत अनुभव है।"
'न्यू एज, एम्बिएंट या चैंट एल्बम' श्रेणी में, 'ब्रेक ऑफ डॉन' - रिकी केज, 'ऊप्स' - रुइची साकामोटो, 'चैप्टर टू: हाउ डार्क इट इज बिफोर डॉन' - अनुष्का शंकर और 'वॉरियर्स ऑफ लाइट' - राधिका वेकारिया को भी नामांकन मिला।
इसके अतिरिक्त, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जिमी कार्टर को मरणोपरांत ग्रैमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नोबेल शांति पुरस्कार विजेता और संयुक्त राज्य अमेरिका के 39वें राष्ट्रपति जिमी कार्टर का 29 दिसंबर, 2024 को निधन हो गया। वह 100 वर्ष के थे।