अभिषेक शर्मा ने मुंबई में टी20 मैच में रचा इतिहास

अभिषेक शर्मा ने मुंबई में टी20 मैच में रचा इतिहास

भारत और इंग्लैंड के बीच अंतिम टी20 मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा तूफानी पारी खेलने उतरे। इस भारतीय क्रिकेटर ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच की एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया है।

अभिषेक ने इस मैच में 54 गेंदों पर 12 छक्कों और सात चौकों की मदद से 135 रन बनाए। इसके साथ ही वह एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के नाम था। रोहित ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 10 छक्के लगाए थे। इतना ही नहीं अभिषेक द्वारा बनाया गया यह स्कोर किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च टी20 स्कोर है। इससे पहले शुभमन गिल ने 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 126 रन की पारी खेली थी।

अभिषेक द्वारा बनाया गया यह तूफानी शतक टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए दूसरा सबसे तेज शतक है। अभिषेक ने पहली ही गेंद से इंग्लिश गेंदबाजों पर हमला बोला और महज 37 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। भारत के लिए सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के नाम है। रोहित ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में शतक बनाया था। तीसरे स्थान पर संजू सैमसन हैं, जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ सिर्फ 40 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था।