भिवानी में निकली अनोखी बारात, SSC भर्ती दुल्हन का इंतजार करता रहा बेरोजगार दूल्हा
हरियाणा में बेरोजगार युवाओं ने सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए नया तरीका अपनाया है। भिवानी में बेरोजगार युवाओं बेरोजगारों की बारात निकाली। इस बारात में बेरोजगार दूल्हा बाकायदा सेहरा बांधकर अपनी एसएससी भर्ती दूल्हन को ढूंढता नजर आया। इस बारात के लिए निमंत्रण पत्र तक छपवाया गया था। निमंत्रण कार्ड में भी बड़ी अनूठी बातें लिखी गई हैं।

निमंत्रण पत्र में लिखा गया है कि ग्रहणी देवी और किसान सिंह ने अपने बेरोजगार बेटे की शादी एसएससी भर्ती दुल्हन से 12 मई को तय की है। इसमें उम्रदराज कुंआरों से भी विनती की गई है कि जींद में रिश्ता हुआ और करनाल में सगाई, बेरोजगारी की बारात में भिवानी आना मेरे भाई। रविवार सुबह जाट धर्मशाला में बारात जुटी तो बैंड बाजे के साथ दूल्हा भी पहुंचा और अपनी दुल्हन को ढूंढने की कोशिश की लेकिन उसे अपनी दुल्हन नहीं मिली। ये बारात अपनी दुल्हन की तलाश में नारनौल तक जाएगी।

अब आपको बताते हैं कि आखिर बेरोजगारों की इस बारात का पूरा माजरा क्या है। दरअसल बेरोजगारों का कहना है कि एसएससी भर्ती परीक्षा का परिणाम रोका गया है। कुछ परीक्षार्थियों ने बताया कि वे एक महीने से इतंजार कर रहे हैं, लेकिन अभी पांच अंक का फैसला नहीं हुआ है। और अब भर्ती का इंतजार कर रहे बेरोजगार युवाओं के सब्र का बांध टूट रहा है। ऐसे में सरकार के कानों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए बेरोजगारों ने ये तरीका अपनाया।